Publish Date: Sun, 27 Jan 2019 (10:19 IST)
Updated Date: Sun, 27 Jan 2019 (10:27 IST)
ब्रिजटाउन। ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज के आठ विकेट की बदौलत विंडीज ने पहले क्रिकेट टेस्ट के चौथे दिन शनिवार को यहां इंग्लैंड को 381 रन से हराया।
विंडीज के 628 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने अपने अंतिम छह विकेट सिर्फ 31 रन जोड़कर गंवाए और पूरी टीम 246 रन पर सिमट गई। इसके साथ ही इंग्लैंड का पांच मैचों में जीत का क्रम भी टूट गया। घरेलू मैदान पर यह विंडीज की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत और 91 साल के अपने टेस्ट इतिहास में दुनिया भर में तीसरी सबसे बड़ी जीत है।
चेज ने केनसिंगटन ओवल की टूटती पिच पर चौथे दिन करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 60 रन देकर आठ विकेट चटकाए। उन्हें इंग्लैंड के बल्लेबाजों के खराब शाट चयन का भी फायदा मिला।
इंग्लेंड की टीम विंडीज के पहली पारी के 289 रन के जवाब में 77 रन पर ढेर हो गई थी। मेजबान टीम ने इसके बाद दूसरी पारी छह विकेट पर 415 रन बनाकर घोषित की थी। अंतिम सत्र में कार्यवाहक विकेटकीपर शाई होप ने चेज की गेंद पर सैम कुरेन को स्टंप करके विंडीज को जीत दिलाई। (भाषा)
चित्र सौजन्य : ट्विटर