Publish Date: Thu, 27 Dec 2018 (18:07 IST)
Updated Date: Thu, 27 Dec 2018 (18:25 IST)
क्राइस्टचर्च। तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने घातक गेंदबाजी करते हुए 15 गेंदों के अंतराल में मात्र 4 रनों पर 6 विकेट झटकते हुए श्रीलंका को दूसरे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को पहली पारी में 104 रनों पर ढेर कर दिया और न्यूजीलैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
श्रीलंका की टीम ने न्यूजीलैंड के पहली पारी के 178 रनों के जवाब में सुबह 4 विकेट पर 88 रनों से आगे खेलना शुरू कर दिया। श्रीलंका का स्कोर 94 रन पहुंचा था कि इसके बाद बोल्ट ने कहर बरपाया और श्रीलंकाई पारी 104 रनों पर सिमट गई।
बोल्ट ने श्रीलंका के आखिरी 6 बल्लेबाजों को 15 गेंदों के अंतराल में मात्र 4 रन देकर आउट किया। बोल्ट ने आखिरी 4 बल्लेबाजों को पगबाधा किया। बोल्ट ने 15 ओवरों में कुल 30 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। टिम साउदी को 35 रन पर 3 विकेट मिले। श्रीलंका ने अपने अंतिम 6 बल्लेबाज 10 रन जोड़कर गंवा दिए। श्रीलंका की ओर से एंजेलो मैथ्यूज ने 88 गेंदों में 3 चौकों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए।
न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में स्टम्प्स तक 2 विकेट पर 231 रन बना लिए हैं। जीत रावल ने 162 गेंदों में 8 चौकों के सहारे 74 और कप्तान केन विलियम्सन ने 75 गेंदों में 5 चौकों की मदद से 48 रन बनाए। स्टम्प्स के समय टॉम लाथम 213 गेंदों में 8 चौकों की मदद से 74 और रॉस टेलर 25 रन बनाकर क्रीज पर थे। न्यूजीलैंड की कुल बढ़त 305 रनों पहुंच गई है और उसने मैच पर अपना शिकंजा कस दिया है। (वार्ता)