Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
कैंडी। न्यूजीलैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज का पहला मैच 5 विकेट से जीत लिया। कुसल मेंडिस के शानदार अर्धशतक (79) के बूते पर श्रीलंका ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 174 रन का स्कोर खड़ा किया था। न्यूजीलैंड ने मैच की 3 गेंद शेष रहते 5 विकेट पर 175 रन बनाकर यह लक्ष्य अर्जित कर लिया।
जब मैच हुआ बेहद रोमांचक : एक समय मैच बेहद रोमांचक स्थिति में पहुंच गया था। न्यूजीलैंड को 15 गेंदों में 27, फिर 9 गेंद में 10 और अंतिम 6 गेंद में जीत के लिए 3 रन की जरूरत थी। मैदान पर मौजूद मिचेल (नाबाद 25) और सेंटनर (नाबाद 14 रन) टीम को जीत दिलाकर ही बाहर आए।
न्यूजीलैंड ने 19.3 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 175 रन बना डाले। न्यूजीलैंड की पारी में रोस टेलर ने 48 और कॉलिन डी ग्रैंडहोम ने 44 रनों का योगदान दिया।
पल्लीकेल इंटरनेशनल स्टेडियम में श्रीलंका की पारी की शुरुआत कुसल मेंडिस और कुसल परेरा ने की। इन दोनों 5 ओवर के भीतर ही स्कोर को 41 रन पर पहुंचा दिया। इसी स्कोर पर कुसल परेरा (11) को टिम साउथी ने अपना शिकार बनाया।
इसके बाद सेंटनर ने अविष्का फर्नांडो (10) को पैवेलियन का रास्ता दिखाया। 68 रन पर 2 विकेट गंवाने वाले श्रीलंका ने 131 रन तक आते-आते तीसरा विकेट भी खो दिया था। 79 रन बनाने वाले कुसल मेंडिस को साउथी ने मार्टिन गुप्टिल के हाथों कैच आउट करवाया, मेंडिस 17वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए।
मेंडिस ने 53 गेंदों का सामना किया और 8 चौकों के अलावा 2 छक्के भी उड़ाए। यही नहीं मेंडिस ने निरोशन डिकवेला के साथ तीसरे विकेट की भागीदारी में 63 रन भी जोड़े।
डिकवेला (33) अंतिम ओवर की तीसरी गेंद पर रन आउट हो गए। इस तरह श्रीलंका ने 19.3 ओवर में 159 रनों पर 4 विकेट खो दिए थे लेकिन इसुरू उदाना ने 3 गेंदों पर 2 छक्के लगाकर स्कोर को 174 तक पहुंचा दिया। उदाना 15 और दासुन शनाका 12 गेंदों पर 17 रन बनाकर नाबाद रहे, जिसमें 1 छक्का शामिल था।