Publish Date: Wed, 30 Jan 2019 (18:28 IST)
Updated Date: Wed, 30 Jan 2019 (18:42 IST)
हेमिल्टन। हिटमैन के नाम से मशहूर रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ गुरुवार को यहां होने वाले चौथे वनडे में उतरने के साथ ही 200 एकदिवसीय मैच पूरे करने वाले 15वें भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
रोहित ने 2007 में 23 जून को बेलफास्ट में आयरलैंड के खिलाफ अपना एकदिवसीय करियर शुरू किया था। रोहित लगभग 12 साल बाद जाकर 200 वनडे पूरे करने जा रहे हैं।
एकदिवसीय क्रिकेट में तीन बार दोहरे शतक बनाने वाले एकमात्र खिलाड़ी रोहित ने अब तक 199 मैचों में 48.14 के औसत और 22 शतकों तथा 39 अर्द्धशतकों की मदद से 7799 रन बनाए हैं।
भारत में अब तक 200 वनडे खेलने की उपलब्धि सचिन तेंदुलकर (463), राहुल द्रविड़ (344), महेन्द्र सिंह धोनी (337), मोहम्मद अजहरुद्दीन (334), सौरव गांगुली (311), युवराज सिंह (304), अनिल कुंबले (271), वीरेन्द्र सहवाग (251), हरभजन सिंह (236), जवागल श्रीनाथ (229), सुरेश रैना (226), कपिल देव (225), विराट कोहली (222) और जहीर खान (200) को हासिल है।