Publish Date: Thu, 22 Aug 2019 (12:00 IST)
Updated Date: Thu, 22 Aug 2019 (21:13 IST)
पाकिस्तानी क्रिकेटर हसन अली ने भारतीय एयरोनॉटिकल इंजीनियर सामिया आरजू से दुबई में शादी कर ली। बेहद करीबी रिश्तेदार और दोस्तों की मौजूदगी में दोनों ने निकाह किया। हसन अली उन पाकिस्तानी क्रिकेटरों की लिस्ट में शामिल हो गए जिन्होंने भारतीय लड़की से ब्याह रचाया है।
इश्क न जाति देखता, न धर्म और न ही देश की सरहदें। पहले भारत-पाकिस्तान के बीच काफी क्रिकेट मैच होते थे। पाकिस्तान क्रिकेटर और भारतीय मॉडल्स, अभिनेत्रियों में मेलजोल बढ़ता और फिर वह शादी में तब्दील हो जाता। आइए जानते हैं उन पाकिस्तानी क्रिकेटरों के बारे में जिन्होंने भारतीय लड़कियों से ब्याह रचाया।
शोएब मलिक-सानिया मिर्जा : हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह चुके पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक ने 2010 में भारतीय टेनिस की स्टार खिलाड़ी सानिया मिर्जा से शादी कर ली थी।
हालांकि मलिक ने सानिया से शादी से पहले साल 2000 में आयशा सिद्दीकी से निकाह किया था, लेकिन सानिया से शादी के पहले उन्होंने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया। एक तरफ जहां शोएब ने संन्यास ले लिया है, वहीं सानिया भारत के लिए टेनिस कोर्ट में लौटने को बरकरार हैं। सानिया की वापसी की उम्मीद 2020 तक लगाई जा रही है। दोनों का एक बेटा भी है।
मोहसिन खान-रीना रॉय : अस्सी के दशक में पाकिस्तान के मशहूर क्रिकेटर मोहसिन खान ने भारतीय सिनेमा की अभिनेत्री रीना रॉय से शादी की थी। इसके बाद वे पाकिस्तान नहीं बल्कि मुंबई में ही बस गए थे। इन दोनों को एक बेटी हुई जिसका नाम जन्नत रखा गया। बाद में मोहसिन और रीना के बीच तकरार होने लगी और तलाक लेकर मोहसिन अपनी बेटी जन्नत के साथ वापस पाकिस्तान लौट गए।
रीता पर आया अब्बास का दिल : पाकिस्तानी क्रिकेटर जहीर अब्बास ने अपनी रिश्तेदार नसरीन से निकाह किया था जिनसे उन्हें तीन बेटियां थीं। इसके बाद लंदन में अब्बास की मुलाकात भारतीय महिला रीता लूथरा से हुई। मुलाकातें प्यार में बदलीं और अब्बास ने लूथरा से 1988 में शादी कर ली। अब्बास ने अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। बाद में रीता लूथरा का धर्मांतरण कर उनका नाम समीना अब्बास कर दिया गया।
(All photos courtesy : Twitter)