Publish Date: Tue, 08 Sep 2026 (18:49 IST)
Updated Date: Tue, 08 Sep 2026 (18:55 IST)
मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार (दो-दो विकेट) के झटकों के बावजूद दक्षिण क्षेत्र ने कप्तान तिलक वर्मा (नाबाद 56) और देवदत्त पड़िक्कल (62) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले के तीसरे दिन मंगलवार को पूर्वी क्षेत्र के खिलाफ छह विकेट पर 242 रनों का स्कोर बना लिया है। हालांकि दक्षिण क्षेत्र अभी भी पूर्वी क्षेत्र के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 466 रनों से पीछे है।
आज बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण क्षेत्र की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 10 रन के स्कोर पर सलामी बल्लेबाज रिकी भुई (एक) रन का विकेट गवां दिया। भुई को मुकेश कुमार ने आउट किया। इसके बाद देवदत्त पड़िक्कल ने नारायण जगदीशन के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच दूसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी हुई।
19वें ओवर में शिखर मोहन ने नारायण जगदीशन ( 32) रन को आउट कर दक्षिण क्षेत्र को दूसरा झटका दिया। शेख रशीद (27) रन को मोहम्मद शमी ने पगबाधा आउट किया। 36वें ओवर में मुकेश कुमार ने देवदत्त पड़िक्कल को आउट कर पवेलियन भेज दिया। पड़िक्कल ने 104 गेंदों में चार चौकों की मदद से (62) रनों की पारी खेली। आर स्मरण (23) रन को मोहम्मद शमी ने आउट कर पूर्वी क्षेत्र को पांचवीं सफलता दिलाई। आज पूरे दिन पूर्वी क्षेत्र का दबदबा रहा।
दक्षिण क्षेत्र के बल्लेबाज पूर्वी क्षेत्र के गेंदबाजों के आगे संघर्ष करते नजर आये। 80वें ओवर में के. कुरैशी ने श्रेयस गोपाल (26) को आउट कर दक्षिण क्षेत्र को दिन का छठा झटका दिया। दिन का खेल समाप्त होने के समय दक्षिण क्षेत्र ने छह विकेट 242 पर रन बना लिये है। तिलक वर्मा (नाबाद 56) और चामा मिलिंद (नाबाद दो) रन क्रीज पर मौजूद थे। पूर्वी क्षेत्र के लिए मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार ने दो-दो विकेट लिये। शिखर मोहन और कुनैन कुरैशी ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
About Writer
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम
वेबदुनिया स्पोर्ट्स टीम खेलों की दुनिया से जुड़ी हर खबर को विस्तार से पेश करती है। क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी या अन्य खेलों पर आधारित लेख और न्यूज़ से लेकर महत्वपूर्ण मैचों की अपडेट्स और खेल जगत की खास घटनाएं, यह टीम पाठकों को पूरी जानकारी प्रदान करती है। स्पोर्ट्स टीम....
और पढ़ें