Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया की मेगान स्कट की गेंदों की हाल में शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने जबर्दस्त धुनाई की थी जिससे कारण इस तेज गेंदबाज को भारत के खिलाफ खेलना पसंद नहीं है और वे रविवार को होने वाले आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप के फाइनल में पॉवरप्ले के दौरान इस आक्रामक सलामी जोड़ी को गेंदबाजी नहीं करना चाहती हैं।
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ गुरुवार को बारिश से प्रभावित मैच में ऑस्ट्रेलिया की 5 रन से जीत में 17 रन देकर 2 विकेट लेने वाली स्कट अब भी टूर्नामेंट के पहले मैच में शैफाली की आक्रामक बल्लेबाजी को नहीं भूली है।
शैफाली ने उनके पहले ओवर में ही 4 चौके लगाए थे और स्कट ने स्वीकार किया कि वे भारतीय सलामी बल्लेबाज को गेंदबाजी करने को लेकर चिंतित हैं। आईसीसी की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार स्कट ने कहा कि मुझे भारत से खेलना पसंद नहीं है। वे मुझ पर हावी हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्मृति और शैफाली ने मेरी गेंदों को आसानी से खेला है। त्रिकोणीय श्रृंखला में शैफाली ने जो छक्का मेरी गेंद पर लगाया था, वह संभवत: मेरी गेंदों पर लगाया गया सबसे बड़ा छक्का था। स्कट ने कहा कि उनके लिए निश्चित तौर पर रणनीति होगी लेकिन पॉवरप्ले में मैं उन दोनों पर हावी नहीं हो पाती। वे मुझे आसानी से खेल लेती हैं।
पिछले महीने त्रिकोणीय श्रृंखला में भी शैफाली और स्मृति ने स्कट की जमकर धुनाई की थी। शैफाली ने उनकी पहली गेंद पर चौका लगाया जबकि मंधाना ने उनकी गेंद 6 रन के लिए भेजी। दोनों टीमें रविवार को फाइनल में फिर आमने-सामने होंगी।