Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
नई दिल्ली। पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी घरेलू विजय हजारे ट्रॉफी एकदिवसीय टूर्नामेंट में क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके झारखंड क्रिकेट टीम के लिए खेल सकते हैं।
झारखंड क्रिकेट टीम के क्वार्टर फाइनल में क्वालीफाई करने के बाद धोनी के घरेलू टीम में खेलने की संभावना बनी है। वे झारखंड की टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं लेकिन ग्रुप लीग में उसकी तरफ से खेलने नहीं उतरे थे। वे हाल ही में एशिया कप में भी भारतीय टीम का हिस्सा रहे थे।
धोनी पिछले कुछ समय से खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं और उनकी बल्लेबाजी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। धोनी टेस्ट से संन्यास के बाद से सीमित ओवर प्रारूप में ही खेल रहे हैं। उन्होंने मौजूदा वर्ष में 15 वनडे और 7 ट्वंटी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ही हिस्सा लिया है जबकि घरेलू क्रिकेट में भी वे हिस्सा नहीं लेते हैं। विजय हजारे ट्रॉफी के सभी नॉकआउट मैच बेंगलुरु में खेले जाने हैं। (वार्ता)