Publish Date: Thu, 28 Dec 2017 (19:30 IST)
Updated Date: Thu, 28 Dec 2017 (19:53 IST)
मुंबई। कप्तान विराट कोहली के बाद मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या दूसरे ऐसे भारतीय क्रिकेटर हैं, जो हाल के समय में शादी के बंधन में बंधे हैं। क्रुणाल अपनी प्रेमिका पंखुड़ी शर्मा के साथ बुधवार को यहां जेडब्लू मैरियट होटल में परिणय सूत्र में बंधे जहां मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर, अंबानी परिवार और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन भी पहुंचे।
कई बड़ी हस्तियों के पहुंचने के अलावा भारतीय टीम के धुरंधर ऑलराउंडर और क्रुणाल के भाई हार्दिक पांड्या तथा कई अन्य क्रिकेटरों ने भी शादी समारोह में शिरकत की। क्रुणाल और हार्दिक दोनों भाई इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस टीम की ओर से खेलते हैं और अंबानी परिवार इस टीम के मालिक हैं। हार्दिक ने अंबानी परिवार का स्वागत किया।
क्रुणाल इस साल मुंबई की खिताबी जीत में 'मैन ऑफ द मैच' रहे थे। वह रणजी में बड़ौदा के लिए खेलते हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान और भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा भी शादी समारोह में पहुंचे। क्रुणाल पंखुड़ी से ब्याह रचाने के लिए अपने भाई हार्दिक के साथ बुलेट से पहुंचे।
सोशल मीडिया पर पोस्ट एक वीडियो में हार्दिक बुलेट चला रहे थे और क्रुणाल बुलेट से जुड़ी बग्गी में बैठे थे। इसके अलावा शादी से पहले मेहंदी फंक्शन भी हुआ जिसमें पांड्या भाई डांस करते हुए नजर आ रहे थे। पिछले दो महीनों में विराट कोहली, भुवनेश्वर कुमार और जहीर खान जैसे क्रिकेटर शादी कर चुके हैं। (वार्ता)
webdunia
Publish Date: Thu, 28 Dec 2017 (19:30 IST)
Updated Date: Thu, 28 Dec 2017 (19:53 IST)