Hanuman Chalisa

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

अनजान वरुण और उनादकट पर बरसी दौलत, मिले 8.4 करोड़

Advertiesment
हमें फॉलो करें IPL auction
, मंगलवार, 18 दिसंबर 2018 (23:10 IST)
जयपुर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल-12) की नीलामी शुरू होने से पहले तक एक अनजान स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को कोई जानता भी नहीं था लेकिन नीलामी के बाद हर किसी की जुबान पर इस खिलाड़ी का नाम है। इसकी वजह है उन्हें नीलामी में मिली 8.4 करोड़ रुपए की अविश्वसनीय कीमत।
 
 
किंग्स इलेवन पंजाब ने 8.4 करोड़ रुपए की भारी कीमत में वरुण को खरीद लिया। वरुण के लिए टीमों ने जमकर बोली लगाई और किंग्स इलेवन पंजाब ने उन्हें खरीद लिया। वह नीलामी में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के साथ संयुक्त रूप से सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उनादकट को राजस्थान रॉयल्स ने 8.4 करोड़ रुपए की कीमत देकर अपनी टीम में शामिल किया। उनादकट को पिछली नीलामी में साढ़े 11 करोड़ रुपए मिले थे।
 
तमिलनाडु के 27 वर्षीय लेग स्पिनर वरुण ने अब तक प्रथम श्रेणी में एक और लिस्ट ए में मात्र नौ मैच खेले हैं लेकिन उन्होंने घरेलू स्तर पर कोई ट्वंटी-20 मैच नहीं खेला है। वह तमिलनाडु में क्लब स्तर तक ट्वंटी-20 मुकाबलों में खेले हैं। उनके खाते में प्रथम श्रेणी में एक और लिस्ट ए में 22 विकेट दर्ज हैं। वरुण का बेस प्राइज मात्र 20 लाख रुपए था।
IPL auction
उनादकट पर राजस्थान तथा दिल्ली ने उन पर जमकर बोली लगाई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को अंतत: राजस्थान ने उनके आधार मूल्य 1.5 करोड़ से कहीं अधिक 8.4 करोड़ रुपए खर्च कर खरीदा। विदेशी खिलाड़ियों में सबसे महंगे रहे इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन, जिन्हें पंजाब टीम ने 7.2 करोड़ रुपए की कीमत पर खरीदा है जबकि उनका बेस प्राइज 2 करोड़ रुपए था। दक्षिण अफ्रीका के कोलिन इंग्राम को दिल्ली कैपिटल्स ने 6.4 करोड़ रुपए में खरीदा। 
 
20 लाख का बेस प्राइज रखने वाले बल्लेबाज शिवम दुबे को भारतीय कप्तान विराट कोहली की कप्तानी वाली टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पांच करोड़ रुपए की भारी भरकम कीमत पर खरीद लिया। मुंबई के शिवम ने एक ओवर में दो बार पांच-पांच छक्के मारने का रिकॉर्ड अपने नाम रखा है। 17 साल के प्रभसिमरन सिंह को पंजाब टीम ने 4.8 करोड़ में खरीदा जबकि उनका बेस प्राइस 20 लाख रुपए था। 
 
दिल्ली के प्रतिभाशाली बल्लेबाज और भारत अंडर-23 टीम के सदस्य हिम्मत सिंह को विराट की बेंगलुरु टीम ने 65 लाख रुपए में खरीदा। हिम्मत का आधार मूल्य 20 लाख रुपए था।
IPL auction
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी वाली और गत चेन्नई सुपरकिंग्स ने तेज गेंदबाज मोहित शर्मा को 5 करोड़ रुपए में खरीदा। वह आईपीएल के अनुभवी खिलाड़ियों में शामिल हैं और अब तक 84 मैच खेल चुके हैं। तेज गेंदबाज का बेस प्राइस 50 लाख रुपए था लेकिन मुंबई और चेन्नई के बीच उन्हें लेकर काफी खींचातानी दिखी जिससे उनकी कीमत ऊंची पहुंच गई। 
 
ऑस्ट्रेलिया दौरे में भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को पंजाब ने 4.8 करोड़ रुपए में खरीदा। शमी का आधार मूल्य एक करोड़ था और उन्हें उनकी कीमत से 3.6 करोड़ रुपए अधिक मिले।

ऑस्ट्रेलिया में मंगलवार को पर्थ में संपन्न हुए दूसरे टेस्ट में भारत की हार के बावजूद शमी का प्रदर्शन बेहतरीन रहा था और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी में 56 रन पर छह विकेट लेकर अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया था। 
IPL auction
ऑलराउंडर अक्षर पटेल को दिल्ली कैपिटल्स ने उनके आधार मूल्य से चार करोड़ रुपए अधिक खर्च कर पांच करोड़ रुपए में अपनी टीम का हिस्सा बनाया। दिल्ली इस बार नए नाम और लोगो के साथ 12वें संस्करण में उतर रही है। दिल्ली ने भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा हनुमा विहारी को दो करोड़ में खरीदा। अक्षदीप नाथ को बेंगलुरु ने 3.6 करोड़ रुपए में खरीदा।
 
भारतीय टीम से काफी समय से बाहर चल रहे ऑलराउंडर युवराज सिंह को शुरुआत में किसी ने नहीं खरीदा लेकिन रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस टीम ने युवराज को उनके एक करोड़ रुपए के बेस प्राइस पर खरीद कर उनका इंतजार समाप्त किया।
 
ऑस्ट्रेलिया दौरे में टेस्ट टीम का हिस्सा अन्य तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा को दिल्ली ने उनके बेस प्राइस 75 लाख रुपए से कुछ अधिक 1.1 करोड़ रुपए में खरीदा। चोट के कारण काफी समय से टीम से बाहर चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज रिद्धिमान साहा को सनराइजर्स हैदराबाद ने 1.2 करोड़ रुपए में खरीदा। अन्य खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज वरूण आरोन को राजस्थान ने 2.4 करोड़ रुपए में खरीदा जबकि पिछले सत्र में उन्हें किसी टीम ने नहीं खरीदा था। 
रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज बरिंदर सरन को 3.4 करोड़ रुपए में खरीदा जबकि उनका आधार मूल्य 50 लाख रुपए था। मुंबई ने श्रीलंका के तेज गेंदबाज और कप्तान लसित मलिंगा को उनके दो करोड़ रुपए के आधार मूल्य पर खरीद लिया। मलिंगा की फिर से मुंबई टीम में वापसी हो गई है। न्यूजीलैंड के लोकी फर्ग्युसन को 1.6 करोड़ मिले जबकि उनका आधार मूल्य एक करोड़ रुपए था।
 
पंजाब टीम ने धुरंधर कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल को उनके दो करोड़ रुपए के आधार मूल्य पर फिर से खरीद लिया। केकेआर ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल जॉनसन को उनके दो करोड़ रुपए के आधार मूल्य पर खरीद लिया। बेंगलुरु टीम ने भारतीय विकेटकीपर पार्थिव पटेल को एक करोड़ रुपए में खरीदा।
 
दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों डेल स्टेन और मोर्न मोर्कल और बल्लेबाज हाशिम अमला, न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैक्कुलम, भारत के चेतेश्वर पुजारा तथा ऑस्ट्रेलिया के शॉन मार्श को अब तक कोई खरीददार नहीं मिला है। जयपुर में दुनिया की सबसे महंगी ट्वंटी 20 क्रिकेट लीग के लिए नीलामी में 351 क्रिकेटर बोली प्रक्रिया का हिस्सा हैं।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

उम्मीद थी 20 लाख की मिले 8.4 करोड़, 7 तरह की गेंद फेंकने वाले वरुण चक्रवर्ती हुए मालामाल