Publish Date: Sun, 06 Oct 2019 (20:20 IST)
Updated Date: Sun, 06 Oct 2019 (20:25 IST)
विशाखापत्तनम। दक्षिण अफ्रीका के कप्तान फाफ डु प्लेसिस को लगता है कि भारत के खिलाफ पहले टेस्ट में 203 रनों से मिली करारी हार के बावजूद टीम के पहली पारी के प्रदर्शन से उन्हें फिर से आत्मविश्वास हासिल करने में मदद मिलेगी।
4 साल पहले भारत से करारी हार झेलने के बाद कईयों ने दक्षिण अफ्रीका से चुनौती पेश करने की उम्मीद नहीं की थी। हालांकि उन्होंने काफी बेहतर जज्बा दिखाने के बाद भारत के पहली पारी के 502 रन के जवाब में 431 रन बनाए।
अंतिम दिन उनकी बल्लेबाजी ने उन्हें निराश किया, जिसमें मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा ने हालात का पूरा फायदा उठाते हुए भारत को 203 रन से जीत दिलाई।
डु प्लेसिस ने कहा, ‘हां, पहली पारी में हमने जिस तरीके से बल्लेबाजी की, उस पर काफी गर्व है। काफी नए खिलाड़ी हमारी टीम में हैं। हमारे पास एक और मौका था लेकिन हम फायदा नहीं उठा सके। हमने सचमुच अच्छा खेल दिखाया।
अफ्रीकी कप्तान ने कहा कि सीनियर खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी दिखाई, क्विनी (क्विंटन डि कॉक) और डीन (एल्गर) ने शानदार शतक जड़े और उप महाद्वीप में 400 रन बनाना कभी भी इतना आसान नहीं होता।
उन्होंने कहा, दूसरी पारी में 400 रन बनाने के बारे में, हमें लगा कि हम मैच में थे। हमें दूसरी पारी में कुछ बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा नहीं हो सका।