Publish Date: Wed, 15 May 2019 (22:21 IST)
Updated Date: Wed, 15 May 2019 (22:35 IST)
नई दिल्ली। अपना पांचवां और आखिरी विश्व कप खेलने जा रहे क्रिस गेल ने 39 बरस की उम्र में फिट रहने का अपना नुस्खा ढूंढ लिया है और पिछले दो महीने से ‘यूनिवर्स बॉस’ जिम से दूर हैं।
गेल की फिटनेस का राज योग और मालिश के सत्र है, जिससे उन्हें थकान से उबरने में मदद मिलती है। स्वाभाविक रूप से शक्तिशाली होने से वह जिम नहीं जाते और 2 मैचों के बीच काफी आराम करते है।
आईपीएल में गेल ने 41 की औसत से 490 रन बनाए। उन्होंने एक खास बातचीत में कहा कि यह मजेदार खेल है। विश्व कप से पहले रन बन रहे हैं। मेरे पास काफी अनुभव है और मैं अपनी बल्लेबाजी से खुश हूं। उम्मीद है कि यह लय कायम रहेगी।
उन्होंने कहा कि उम्र का असर तो होता ही है। मेरे लिए सबसे अहम बात खेल का मानसिक पहलू है। अब शारीरिक पहलू उतना अहम नहीं रह गया है। मैंने पिछले दो महीने में फिटनेस पर उतना ध्यान नहीं दिया।
उन्होंने कहा, मैं अपने अनुभव और मानसिक दृढ़ता का इस्तेमाल करता हूं। मैंने कुछ समय से जिम नहीं किया है। मैं काफी आराम कर रहा हूं और मालिश करवा रहा हूं। तरोताजा रहने की कोशिश कर रहा हूं।
विश्व कप में गेल अपने सुनहरे कैरियर को परीकथा सरीखे अंजाम तक ले जाना चाहते हैं। उनकी ख्वाहिश है कि युवा खिलाड़ी उनके लिए विश्व कप जीते।
अब तक 103 टेस्ट, 289 वनडे और दुनिया भर में टी20 लीग खेल चुके गेल ने कहा कि अब उनके पास साबित करने के लिए कुछ नहीं है और वह अपने प्रशंसकों के लिए खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा, मैं अपने प्रशंसकों के लिए खेल रहा हूं। कुछ साल पहले तक मेरे दिमाग में संन्यास का ख्याल था लेकिन फिर प्रशंसकों ने खेलते रहने का अनुरोध किया। मैं लगातार उनके लिए खेल रहा हूं। उम्मीद है कि कुछ और मैचों में मैं उनका मनोरंजन कर सकूं और विश्व कप जीत सकूं।
webdunia
Publish Date: Wed, 15 May 2019 (22:21 IST)
Updated Date: Wed, 15 May 2019 (22:35 IST)