Publish Date: Wed, 14 Nov 2018 (20:04 IST)
Updated Date: Wed, 14 Nov 2018 (20:13 IST)
कोलकाता। मध्यप्रदेश के चोटी के बल्लेबाजों के अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलने में नाकाम रहने के कारण बंगाल ने बुधवार को यहां रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप 'बी' मैच में पहली पारी में बढ़त हासिल करने की उम्मीदें बढ़ा दीं।
बंगाल ने मंगलवार को कप्तान मनोज तिवारी के 201 रनों की मदद से अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 510 रन बनाकर समाप्त घोषित की थी। मध्यप्रदेश ने इसके जवाब में तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 254 रन बनाए हैं और वह अब भी बंगाल से 256 रन पीछे है।
मध्यप्रदेश ने सुबह बिना किसी नुकसान के 15 रनों से आगे खेलना शुरू किया। उसकी तरफ से कप्तान नमन ओझा (74), रजत पाटीदार (49), शुभम शर्मा (45) और अंकित दाने (38) ने अच्छी शुरुआत की लेकिन कोई भी बड़ी पारी नहीं खेल पाया। स्टंप उखड़ने के समय यश दुबे 20 और अंकित शर्मा 9 रन पर खेल रहे थे। बंगाल की तरफ से अशोक डिंडा और अनुस्तुप मजूमदार ने 2-2 विकेट लिए हैं।