Publish Date: Mon, 19 Feb 2018 (22:16 IST)
Updated Date: Mon, 19 Feb 2018 (22:18 IST)
नई दिल्ली। भारती एयरटेल अपने प्रीपेड ग्राहकों को नोकिया-2 और नोकिया-3 स्मार्टफोन की खरीद पर 36 महीने की अवधि में 2,000 रुपये तक का कैशबैक देगी। कंपनी ने एक बयान में कहा, ‘भारती एयरटेल और एचएमडी ग्लोबल ने ग्राहकों को सस्ते 4जी स्मार्टफोन विकल्प उपलब्ध कराने के लिए भागीदारी की है।
इसके तहत एयरटेल अब नोकिया-2 और नोकिया-3 पर 2,000 रुपए तक का कैशबैक देगी।’ दोनों स्मार्टफोन के साथ एयरटेल का 169 रुपए का रीचार्ज प्लान है, जिसमें ग्राहक को प्रतिदिन एक जीबी 4जी डेटा और असीमित स्थानीय व एसटीडी कॉल की सुविधा मिलेगी।
हालांकि इस पेशकश का लाभ उठाने के लिए ग्राहकों को दोनों फोन बाजार कीमत पर खरीदने होंगे और 2,000 रुपए का कैशबैक उनके एयरटेल वालेट में आएगा। यह 36 महीने के दौरान दो किस्तों में दिया जाएगा। (भाषा)