Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
Jammu Kashmir news in hindi : जम्मू-कश्मीर में गंदेरबल जिले और श्रीनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में झरने के पानी में हानिकारक बैक्टीरिया पाए जाने के बाद प्रशासन ने लोगों से इसका उपयोग करने से बचने की अपील की है। यह चेतावनी राजौरी जिले में एक रहस्यमयी बीमारी से 17 लोगों की मौत की पृष्ठभूमि में जारी की गई है।
जल शक्ति (PHE) ग्रामीण जल आपूर्ति प्रभाग गंदेरबल ने गंदेरबल जिले में विभिन्न झरनों के यादृच्छिक नमूने एकत्र कर जांच की। जांच के दौरान 40 नमूनों में से 37 नमूनों में हानिकारक बैक्टीरिया पाए गए। बैक्टीरिया पाये जाने के बाद झरने के पानी को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त करार दिया गया।
नोटिस में विभाग ने गंदेरबल और ग्रामीण श्रीनगर के लोगों से अनुरोध किया है कि वे झरने के पानी का उपयोग न करें और जब तक कोई नए निर्देश न दिए जाएं तब तक केवल नल के पानी का ही इस्तेमाल करें।
इसके अलावा, विभाग ने सलाह दी है कि यदि झरने के पानी का उपयोग करना अत्यावश्यक हो, तो उसे लंबे समय तक उबालकर ही प्रयोग में लाया जाए।
गौरतलब है कि पिछले 50 दिनों में राजौरी में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि सरकार अभी तक मौतों के कारणों का पता नहीं लगा पाई है। इन मौतों के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न स्तरों पर जांच चल रही है। जबकि सरकार का दावा है कि क्षेत्र में कोई वायरस या संक्रमण नहीं है।
edited by : Nrapendra Gupta