Publish Date: Tue, 14 Jul 2020 (19:09 IST)
Updated Date: Tue, 14 Jul 2020 (19:34 IST)
चीन से सीमा पर तनाव के बाद भारत ने डिजिटल स्ट्राइक करते हुए 59 चाइनीज ऐप्स पर बैन लगा दिया था। इनमें TikTok भी शामिल था। TikTok भारत में काफी लोकप्रिय था। इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इसकी यूजर्स संख्या से लगाया जा सकता है, जो कि करीब 20 करोड़ थी, लेकिन क्या TikTok की वापसी हो रही है।
जो लोग पहले से TikTok के यूजर रह चुके हैं और वीडियो, फोटो अपलोड करते थे उन्हें एक मैसेज से फिर से जोड़ा जा रहा है। इसे वाट्सऐप, ई-मेल, मैसेज और मैसेंजर से एपीके फॉरमेट में भेजा रहा है। गूगल पर सर्च करने वालों को TikTok Pro के नाम से मेल आ रहा है।
अगर आपके पास भी ऐसा कोई मेल या मैसेज आया हो तो सावधान रहिए।TikTok Pro मैलवेयर (वायरस), जो आपके फोन की जानकारियों को चुरा सकता है। सरकार द्वारा प्रतिबंधित किए जाने के बाद टिकटॉक फैन्स इस ऐप को उत्सुकता के चलते व्हाट्सएप ग्रुप्स पर शेयर किए गए लिंक के जरिए डाउनलोड कर रहे हैं, लेकिन यह आपके फोन के लिए जोखिमभरा हो सकता है।
महाराष्ट्र सरकार की साइबर सेल ने इस मैलवेयर ऐप के खिलाफ यूज़र्स को सावधानी बरतने के लिए चेतावनी जारी की है, क्योंकि यह स्मार्टफोन से संवेदनशील जानकारी को चुरा रहा है। TikTok Pro मैलवेयर ऐप मूल TikTok ऐप की तरह ही दिखता है।
यह आपके फोन के कैमरा, इमेज गैलरी, माइक और अन्य चीजों का एक्सेस मांगता है। साइबर एक्सपर्ट्स का कहना है कि ऐसे किसी भी अनजाने मैसेज या मेल पर दी गई लिंक्स को क्लिक न करें।