Publish Date: Sat, 10 Nov 2018 (11:29 IST)
Updated Date: Sat, 10 Nov 2018 (11:33 IST)
नई दिल्ली। गूगल ने विश्व की पहली महिला इंजीनियर एलिसा लियोनिडा जैम्फिरेस्क्यू की 131वीं जयंती के मौके पर डूडल बनाकर शनिवार श्रद्धांजलि दी।
सुश्री एलिसा का जन्म 10 नवंबर 1887 को रोमानिया के गलाटी शहर में हुआ। उन्होंने बुखारेस्ट के सेंट्रल स्कूल ऑफ गर्ल्स से स्नातक की डिग्री हासिल की। इसके बाद उन्होंने बुखारेस्ट के स्कूल ऑफ हाई एंड ब्रिजेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए आवेदन किया लेकिन लड़की होने की वजह से उनका आवेदन रद्द कर दिया गया।
उस समय माना जाता था कि सिर्फ पुरुष ही इंजीनियर हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी और 1909 में जर्मनी के रॉयल टेक्निकल अकादमी में दाखिले के लिए आवेदन किया। यहां उनका आवेदन स्वीकृत हो गया, लेकिन लड़की होने के कारण यहां भी उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा। यहां से डिग्री हासिल करने के वाद वे स्वदेश लौट आईं।
एलिसा एसोसिएशन ऑफ रोमेनियन इंजीनियर्स की पहली महिला सदस्य भी थीं। एलिसा ने रेडक्रॉस सोसाइटी के साथ काम किया। इसके अलावा उन्होंने पिटार मोस स्कूल ऑफ गर्ल्स में भौतिक विज्ञान एवं रसायन विज्ञान भी पढ़ाया।
रोमानिया की सरकार ने 1993 में उनके योगदान के सम्मान में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट की एक स्ट्रीट का नाम उनके नाम पर रख दिया। एलिसा का 25 नवंबर 1973 में रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में निधन हो गया।
webdunia
Publish Date: Sat, 10 Nov 2018 (11:29 IST)
Updated Date: Sat, 10 Nov 2018 (11:33 IST)