Publish Date: Fri, 03 Apr 2026 (23:35 IST)
Updated Date: Fri, 03 Apr 2026 (23:45 IST)
ईरान ने शुक्रवार को बड़ा दावा करते हुए कहा कि उसने 2 अमेरिकी लड़ाकू विमानों और एक ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर को मार गिराया है। अमेरिका ने अपने पायलटों को बचाने के लिए ईरानी क्षेत्र में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि ईरान के ऊपर एक अमेरिकी फाइटर जेट को मार गिराया गया। हालांकि विमान में सवार क्रू की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। अमेरिकी सेना संभावित बचे हुए पायलटों का पता लगाने के लिए तेजी से अभियान चला रही है ताकि वे ईरान के हाथ न लगें।
ईरानी मीडिया ने दावा किया है कि उसने पहले पांचवीं पीढ़ी के F-35 फाइटर जेट को और उसके कुछ घंटों बाद F-15E स्ट्राइक ईगल को मार गिराया।
हालांकि अमेरिका ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इनमें से कौन सा विमान गिराया गया।
सीबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार गिराए गए अमेरिकी फाइटर जेट के एक क्रू मेंबर को अमेरिकी बलों ने सुरक्षित बचा लिया है। F-15E दो सीटों वाला विमान होता है, जिसमें एक पायलट और एक वेपन सिस्टम्स ऑफिसर (WSO) होता है, जबकि F-35 एक सिंगल-सीट विमान है। इस बीच यूएस मीडिया ने दावा किया कि F15-ई के एक क्रू मेंबर को रेस्क्यू किया गया है।
क्या कहा ईरानी मीडिया ने
इससे पहले ईरानी मीडिया ने कुछ तस्वीरें जारी कर दावा किया था कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के आधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम ने मध्य ईरान में दूसरे F-35 जेट को मार गिराया है। ईरानी अधिकारियों का कहना है कि इस विमान का पायलट संभवतः इजेक्ट नहीं कर पाया।
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में कराज ब्रिज पर हमले का जश्न मनाया था। इसके बाद तेहरान ने अमेरिका, इजराइल और खाड़ी देशों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी। ईरान की तस्नीम न्यूज एजेंसी ने दावा किया है कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने इराकी हवाई क्षेत्र में अमेरिकी UH-60 Black Hawk हेलीकॉप्टर को भी मार गिराया।
यह हेलीकॉप्टर कथित तौर पर गिराए गए जेट के पायलट की तलाश के लिए चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन का हिस्सा था। इस दावे पर अमेरिका की ओर से अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिका ने सर्च ऑपरेशन में C-130 Hercules विमान सहित कई हेलीकॉप्टर और जेट तैनात किए थे, लेकिन ईरानी एयर डिफेंस की फायरिंग के बाद उन्हें पीछे हटना पड़ा।
About Writter
वेबदुनिया न्यूज डेस्क
वेबदुनिया न्यूज़ डेस्क पर हमारे स्ट्रिंगर्स, विश्वसनीय स्रोतों और अनुभवी पत्रकारों द्वारा तैयार की गई ग्राउंड रिपोर्ट्स, स्पेशल रिपोर्ट्स, साक्षात्कार तथा रीयल-टाइम अपडेट्स को वरिष्ठ संपादकों द्वारा सावधानीपूर्वक जांच-परख कर प्रकाशित किया जाता है।....
और पढ़ें