Publish Date: Wed, 17 May 2017 (22:14 IST)
Updated Date: Wed, 17 May 2017 (22:28 IST)
नई दिल्ली। आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कप्तान और आईपीएल-10 में राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स के विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी लीग का रिकॉर्ड सातवां फाइनल खेलने उतरेंगे।
धोनी ने मंगलवार को मुंबई में मुंबई इंडियंस के खिलाफ पांच छक्कों से सजी नाबाद 40 रन की पारी खेली थी, जिसकी बदौलत पुणे की टीम पहली बार आईपीएल फाइनल में पहुंचने में कामयाब रही। धोनी का यह सातवां आईपीएल फाइनल होगा।
पूर्व भारतीय कप्तान धोनी आईपीएल के पहले आठ संस्करणों में चेन्नई सुपरकिंग्स टीम के कप्तान रहे थे और उन्होंने 2010 और 2011 में अपनी टीम को चैंपियन बनाया था। उनकी कप्तानी में चेन्नई की टीम चार बार उपविजेता भी रही। धोनी गत वर्ष आईपीएल की नई टीम पुणे के कप्तान बने थे। चेन्नई को दो साल के लिए निलंबित किए जाने के बाद धोनी को पुणे टीम का कप्तान चुना गया था।
मौजूदा सत्र में पुणे टीम प्रबंधन ने धोनी को कप्तानी से हटाकर ऑस्ट्रेलिया के स्टीवन स्मिथ को नया कप्तान बनाया। धोनी के शुरुआती फार्म और स्मिथ की शुरुआती बेहतरीन पारी पर पुणे के टीम मालिक के भाई ने कुछ ऐसी टिप्पणी की थी, जिससे धोनी के प्रशंसक भड़क उठे थे। हालांकि यह विवाद फिर ठंडा पड़ गया। (वार्ता)