Publish Date: Tue, 16 May 2017 (12:29 IST)
Updated Date: Tue, 16 May 2017 (12:35 IST)
नई दिल्ली। आईपीएल सट्टेबाजी को लेकर एक बड़ा खुलासा हुआ है। दरअसल, दिल्ली टीम के स्थानीय मैनेजर को एक सट्टेबाज के साथ देखा गया है। यह तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मैनेजर का नाम रामगोपाल शर्मा है। शर्मा को सट्टेबाज नयन शाह के साथ देखा गया है। इस खबर में इसलिए भी दम है क्योंकि दोनों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है।
कानपुर के ग्रीनपार्क में हो रहे आईपीएल 10 के मैचों में सट्टेबाजों के हौंसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि 10 मई को जहां गुजरात लायंस और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें ठहरी हुई थे, ये सटोरिए भी वहीं पर जमे हुए थे। जैसे ही पुलिस को इसकी जानकारी मिली, उसने लैंडमार्क होटल में छापा मारकर सटोरियों को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस अभी इन सटोरियों से और जानकारी इकठ्ठा कर रही है।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल पर सट्टेबाजी का आरोप कोई नई बात नहीं है। चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की आईपीएल टीमों पर सट्टेबाजी के कारण ही प्रतिबंध लगाया गया था। यही कारण है कि दोनों ही टीमें आईपीएल में दिखाई नहीं दे रही हैं।