Publish Date: Sat, 14 Apr 2018 (07:40 IST)
Updated Date: Sat, 14 Apr 2018 (07:43 IST)
दमिश्क। अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया की राजधानी दमिश्क पर शनिवार को कम से कम छह धमाकों को अंजाम दिया गया जिससे राजधानी दहल गई। सीरिया के सरकारी टीवी ने कहा वायु सेना अमेरिका, फ्रांस और ब्रिटेन के हमलों का मुकाबला कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि दमिश्क में कम से कम छह जोरदार धमाकों की आवाज सुनाई दी जिससे राजधानी दहल गई। धमाकों के बाद कई जगह पर गहरा काला धुआं भी उठता देखा गया।
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने कहा दमिश्क के बरजाह जिले में हमले हुए है। सीरिया के बड़े वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र बरजाह में ही स्थित हैं।
रासायनिक ठिकानों पर हमला : अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्होंने 07 अप्रैल को सीरिया में संदिग्ध जहरीली गैस के रासायनिक हमलों में मारे गए 60 लोगों की मौत का बदला लेने के लिए सीरिया पर हमले का आदेश दिया है। ट्रंप ने व्हाइट हाऊस से टीवी संबोधन में कहा कि कुछ देर पहले मैंने अमेरिका की सेनाओं को सीरिया के तानाशाह बशर अल-असद के रसायनिक हथियारों के ठिकानों पर हमले करने का आदेश दिया है।
ब्रिटेन की सेनाओं को मिला यह आदेश: ब्रिटेन की प्रधानमंत्री थेरेसा मे ने कहा कि उन्होंने ब्रिटेन की सेनाओं को सीरिया के रासासनिक हथियारों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए हमले करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि यह गृह युद्ध में हस्तक्षेप नहीं है। यह शासन में परिवर्तन के लिए भी नहीं है। इन लक्षित और सीमित हमलों से क्षेत्र में तनाव नहीं बढ़ेगा और आम नागरिकों को हमलों से बचाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
सीरिया ने 50 बार किया रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल : सुयंक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत निक्की हेली ने कहा है कि अमेरिका का आकलन है कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की सेनाओं ने सात साल के युद्ध के दौरान कम से कम 50 बार रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया है।
अमेरिका के पास सबूत : अमेरिका के पास इस बात के सबूत है कि सीरिया की सरकार ने हाल ही में दोमा शहर पर रासायनिक हथियारों के साथ हमला किया लेकिन अभी भी हमले में इस्तेमाल हुए मिश्रित रसायन की पहचान का कार्य चल रहा है। (वार्ता)