Publish Date: Sun, 24 Dec 2017 (11:27 IST)
Updated Date: Sun, 24 Dec 2017 (11:29 IST)
जुबा। दक्षिण सूडान में चार वर्ष से चल रहे संघर्ष को रोकने के लिए सरकार और सशस्त्र बलों के बीच संघर्षविराम आधी रात से लागू हो गया है। अदीस अबाबा में गुरुवार को सरकार और कई सशस्त्र बलों के बीच हुई शांति वार्ता के दौरान संघर्ष विराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए, जो 24 दिसंबर रात 12 बजकर एक मिनट से लागू हो गया।
समझौते के अनुसार सभी बलों को ‘तत्काल रूप से अपने स्थानों पर ही रुक जाना होगा’, संघर्ष उत्पन्न करने वाली गतिविधियों को रोकना होगा और राजनीतिक बंदियों के साथ-साथ अपहृत महिलाओं एवं बच्चों को भी छोड़ना होगा। पूर्व उप राष्ट्रपति रिक माचर और राष्ट्रपति साल्वा कीर के बीच भीषण वैमनस्य के बाद दिसंबर 2013 को संघर्ष शुरू हुआ था, जिसमें हजारों लोग मारे जा चुके हैं। रिक ने अपने विद्रोही बलों को ‘सभी शत्रुओं का बंदी बनाने' का आदेश दिया था।
शुक्रवार को जारी बयान में उन्होंने कहा कि ‘बल अपने अड्डो पर रहें और केवल आत्मरक्षा या किसी विद्रोह के खिलाफ ही कार्रवाई करें।’ दक्षिण सूडान ने लंबे समय तक स्वतंत्रता के लिए लड़ाई लड़ी लेकिन 2011 में इसे (स्वतंत्रता को) हासिल करने के बाद कीर और माचर के बीच सत्ता को लेकर एक नई लड़ाई शुरू हो गई जिसने गृहयुद्ध का रूप ले लिया। (भाषा)