Publish Date: Wed, 25 Oct 2017 (10:42 IST)
Updated Date: Wed, 25 Oct 2017 (10:45 IST)
ह्यूस्टन। अमेरिकी पुलिस ने मंगलवार को कहा कि 2 सप्ताह से ज्यादा समय से लापता 3 साल की भारतीय लड़की शेरीन मैथ्यूज की मौत हो चुकी है। उसके पिता ने स्वीकार किया कि दूध पीने के दौरान उसका गला अवरुद्ध हो गया। वेस्ले मैथ्यूज और सिनी मैथ्यूज ने शेरीन को गोद लिया था।
3 वर्षीय शेरीन शारीरिक विकास संबंधी समस्या से ग्रसित थी और उसे बात करने में दिक्कत होती थी। उसे अंतिम बार 7 अक्टूबर को टेक्सास के रिचर्ड्सन शहर में उसके घर के पीछे वाले हिस्से में देखा गया था। इससे पहले रिचर्ड्सन पुलिस ने घोषणा की थी कि उन्हें एक सुरंग से एक छोटी बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने आशंका जताई थी कि यह शव संभवत: शेरीन का है, लेकिन उन्होंने शव की पहचान की पुष्टि नहीं की थी। शव मैथ्यूज के घर से 1 किलोमीटर से भी कम दूरी पर मिला।
पुलिस ने कहा कि चिकित्सा जांच अधिकारियों ने शव की पुष्टि के लिए दंत रिकॉर्ड को खंगाला और पुष्टि की कि शव लापता लड़की का है। उसकी मौत के कारणों की अभी भी जांच की जा रही है। रिचर्ड्सन पुलिस विभाग ने लड़की के पिता को फिर से गिरफ्तार कर लिया। उसके लिए जमानत की राशि 10 लाख डॉलर तय की गई। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Wed, 25 Oct 2017 (10:42 IST)
Updated Date: Wed, 25 Oct 2017 (10:45 IST)