Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
वॉशिंगटन। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने एक साक्षात्कार में कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में अगर किसी रूसी नागरिक ने दखल किया तो इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस तरह के प्रयासों को क्रेमलिन से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।
गौरतलब है कि अमेरिका में वर्ष 2016 में राष्ट्रपति चुनावों में रूसी हस्तक्षेप के आरोप लगे हैं और इनकी जांच हो रही है। पुतिन का यह साक्षात्कार शुक्रवार को 'एनबीसी टेलीविजन' पर प्रसारित हुआ था। उन्होंने कहा कि आखिर आपने यह कैसे तय कर लिया कि मैंने और किसी रूसी अधिकारी ने इसे करने की इजाजत दी होगी?
स्पेशल काउंसिल रॉबर्ट मुलर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान में रूसी साठगांठ के आरोपों की व्यापक जांच कर रहे हैं। आरोप है कि ट्रंप को राष्ट्रपति बनाने में रूस की मदद ली गई थी। पिछले महीने मुलर ने 13 रूसी नागरिकों और 3 रूसी कंपनियों पर आरोप लगाया था कि उन्होंने ट्रंप के चुनाव प्रचार अभियान का कथित रूप से समर्थन किया, उनकी डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी हिलेरी क्लिंटन की छवि धूमिल की और चुनावी प्रक्रिया में दखल दिया था।
इन आरोपों पर पुतिन ने कहा कि अगर वे रूसी नागरिक हैं तो इससे क्या हुआ? पुतिन ने कहा कि 14.6 करोड़ रूसी नागरिक हैं, तो क्या हुआ? मुझे कोई परवाह नहीं। मेरा इससे क्या लेना-देना हो सकता है? वे तो रूसी राज्य के हितों का प्रतिनिधित्व भी नहीं करते। क्या हमने अमेरिका पर प्रतिबंध लगाया है? लेकिन अमेरिका ने तो हम पर प्रतिबंध लगाया। (भाषा)