Publish Date: Wed, 28 Jun 2017 (08:27 IST)
Updated Date: Wed, 28 Jun 2017 (08:33 IST)
हेग। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीदरलैंड के हेग में लगभग तीन हजार भारतीयों को संबोधित करते हुए उन्हें देश के विकास में योगदान देने और अपनी मातृभूमि से संबंधों को और मजबूत करने के लिए कहा।
मोदी ने कहा कि पासपोर्ट का रंग बदलने से खून के रिश्ते नहीं बदलते। उन्होंने कहा कि पूरे यूरोप में नीदरलैंड वह देश है जहां दूसरे सबसे ज्यादा प्रवासी भारतीय हैं। नीदरलैंड में दो लाख 20 हजार से ज्यादा भारतीय मूल के लोग रहते हैं। नीदरलैंड में गांधीजी की बड़ी संख्या में प्रतिमा लगाई गई है। हेग के डिप्टी मेयर भी भारतीय मूल के हैं। पासपोर्ट का रंग कोई सा भी हो, हमारे पूर्वज एक हैं। सालों बाद भी प्रवासी भारतीयों में देश जिंदा है। हर हिन्दुस्तानी दुनिया के हर कोने में एक राष्ट्रदूत है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जो जड़ों से जुड़ा हो उसे कोई नहीं हिला सकता। भारत का कर्ज चुकाने से बड़ी कोई देशभक्ति नहीं है। हमारे बीच में दूरी नहीं है। मेरे देश में सवा सौ करोड़ लोग देश चलाते हैं। जनभागीदारी से देश कई गुना प्रगति कर सकता है, तेज गति से प्रगति कर सकता है।
अपने 53 मिनट के संबोधन में मोदी ने कहा कि भारतीय मूल के लोगों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान बनाई है। मोदी के संबोधन के दौरान लोगों ने 'मोदी मोदी' के नारे लगाए।
मोदी ने कहा कि 21वीं सदी का भारत प्रौद्योगिकी और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में पीछे नहीं रह सकता। हमें हर क्षेत्र में विश्वस्तरीय होना होगा। भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी देश के लिए रवाना हो गए। (वार्ता)