Publish Date: Mon, 06 Mar 2017 (12:51 IST)
Updated Date: Mon, 06 Mar 2017 (12:57 IST)
माइदुगुरी (नाइजीरिया)। बोको हरम द्वारा अपना घर छोड़ने को मजबूर की गईं हजारों महिलाओं ने शिविर के दौरे पर आए संरा सुरक्षा परिषद के दूतों के समक्ष प्रदर्शन कर जीने की बेहतर परिस्थितियों की मांग की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दुनिया के सबसे खराब मानवाधिकार संकटों को और अधिक खराब करने के लिए स्थानीय प्राधिकरणों और सहायता एजेंसियों को दोषी ठहराया। संयुक्त राष्ट्र का कहना है कि इस संकट ने उत्तर-पूर्वी नाइजीरिया को अकाल की कगार पर ला छोड़ा है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि माइदुगुरि के निकट स्थित टीचर्स विलेज शिविर में रह रहे करीब 15,000 विस्थापित लोगों को जो सहायता मिलनी चाहिए थी, उसे स्थानीय सहायता एजेंसियां कहीं ओर भेज रही हैं।
महिलाओं ने रविवार को उस समय विरोध प्रदर्शन किया, जब संयुक्त राष्ट्र की इस निर्णायक संस्था के 15 दूत उत्तर-पूर्व नाइजीरिया स्थित उनके शिविरों का निरीक्षण करने आए थे। ये महिलाएं विरोध प्रदर्शन के जरिए नाइजीरिया के लेक चाड क्षेत्र में करीब 2.1 करोड़ विस्थापित लोगों की ओर दुनिया का ध्यान खींचना चाहती थीं। (भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 06 Mar 2017 (12:51 IST)
Updated Date: Mon, 06 Mar 2017 (12:57 IST)