Publish Date: Mon, 23 May 2016 (08:49 IST)
Updated Date: Mon, 23 May 2016 (17:10 IST)
काठमांडो। माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई के दौरान दो भारतीय पर्वतरोही लापता हो गए और ठंड से एक भारतीय महिला सहित करीब 40 पर्वतारोहियों के हाथ पैर सुन्न पड़ गए। दुनिया की सबसे उंची पर्वत चोटी पर इस मौसम में 400 पर्वतारोहियों ने सफलतापूर्वक चढ़ाई की है।
अधिकारियों ने बताया कि परेश नाथ और गौतम घोष शनिवार से लापता हैं। उन्हें आखिरी बार एवरेस्ट शिवर के पास देखा गया था।
नेपाल के पर्यटन मंत्रालय के पर्वतारोहण विभाग के एक अधिकारी ज्ञानेंद्र श्रेष्ठ ने कहा कि दोनों लापता भारतीय पर्वतारोहियों का पता लगाने के लिए अभियान शुरू किया गया है। इससे पहले लापता हुए चार भारतीय पर्वतारोहियों में से दो का रविवार को पता लगा लिया गया।
इसी बीच साउथ कोल शिविर में ठंड से सुन्न पड़ी सीमा गोस्वामी नाम की भारतीय महिला पर्वतारोही चल फिर नहीं पा रहीं। ठंड से उनके हाथ पैर शिथिल पड़ गए हैं। कई शेरपा गाइड करीब 8,000 मीटर की उंचाई पर स्थित सबसे उंचे शिविर से सीमा को शिविर संख्या दो में लेकर आए जो 6,400 मीटर की दूरी पर स्थित है। उनकी हालत स्थिर होने के साथ उन्हें हेलीकॉप्टर से लाने की कोशिश की जाएगी।(भाषा)
webdunia
Publish Date: Mon, 23 May 2016 (08:49 IST)
Updated Date: Mon, 23 May 2016 (17:10 IST)