Publish Date: Sun, 01 Jul 2018 (19:50 IST)
Updated Date: Sun, 01 Jul 2018 (19:51 IST)
लंदन। मंगल ग्रह पर करीब 13 करोड़ वर्ष पहले एक ठोस धरातल पर संभवत: जल और जिंदगी का अस्तित्व था, जो पृथ्वी के ठोस बनने से पहले की घटना है। वैज्ञानिकों ने ‘ब्लैक ब्यूटी’ नाम के एक उल्का पिंड का विश्लेषण करने के बाद यह जानकारी दी।
सौर प्रणाली के बनने के महज दो करोड़ वर्ष बाद मंगल पर शुरुआती सतह तरल मैग्मा समुद्र की तरह था जो काफी तेजी से सघन हुआ था। इसके बाद लाल ग्रह पर एक ठोस सतह बना जहां संभवत: पानी और जीवन का अस्तित्व था। यह धरती के सतह के ठोस बनने के करीब 13 करोड़ वर्ष पहले की बात है।
डेनमार्क के नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के शोधकर्ताओं ने मंगल पर तेजी से सघनता आने और ठोस सतह के निर्माण के नए साक्ष्य पाए हैं। यह शोध मंगल ग्रह पर ब्लैक ब्यूटी उल्का पिंड के विश्लेषण पर आधारित है जो इस संभावना के दरवाजे खोलती है कि मंगल ग्रह पर जीवन का अस्तित्व रहा होगा। (भाषा)