Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
पेरिस। जर्मनी में गुरुवार को आपदा विश्लेषकों द्वारा जारी एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चक्रवाती तूफान हार्वे से टेक्सास को हुआ नुकसान करीब 58 अरब अमेरिकी डॉलर का होगा। हार्वे की वजह से अमेरिका के टेक्सास राज्य में बारिश भी हो रही है और जगह जगह पानी भी भरा हुआ है।
जर्मनी के कार्लश्रूह में स्थित सेंटर फॉर डिजास्टर मैनेजमेंट एंड रिस्क रिडक्शन टेक्नोलॉजी (सीईडीआईएम) के मुताबिक अगर यह अनुमान सही निकलता है तो हार्वे तूफान वर्ष 1900 से लेकर अब तक सर्वाधिक आर्थिक नुकसान पहुंचाने वाली विश्व की नौवीं प्राकृतिक आपदा होगा।
सीईडीआईएम में वरिष्ठ रिस्क इंजीनियर और इसके फॉरेंसिक डिजास्टर एनालिसिस ग्रुप के प्रमुख जेम्स डेनियल ने बताया कि नुकसान तकरीबन 58 अरब डॉलर के आस-पास होगा और यह बाढ़ के कारण हुए नुकसान से 90 फीसदी से अधिक है। कुल आर्थिक नुकसान के दूसरे आंकड़े फिर भी कम हैं।
जर्मनी की नामचीन बीमा कंपनी हेनोवर री ने शुरुआती तौर पर नुकसान की भरपाई के लिए 3 अरब अमेरिकी डॉलर का अनुमान लगाया था, वहीं जेपी मोर्गन ने बीमा क्षेत्र द्वारा इसकी भरपाई के लिए 10-20 अरब अमेरिकी डॉलर का अंदाजा लगाया था।
जॉर्जिया के सवाना की आपदा जोखिम विशेषज्ञ एनकी होल्डिंग्स ने इसे 30 अरब डॉलर से ऊपर बताया था। क्षेत्र में जोखिम के स्तर को मापने के लिए सीईडीआईएम ने यूएस ब्यूरो ऑफ इकोनॉमिक एनालिसिस के आंकड़ों का इस्तेमाल किया। यह ब्यूरो निवेशों की जानकारी रखता है।
डेनियल ने बताया कि हमने इमारतों और प्रतिस्थापना में आने वाली लागत के अलावा अन्य चीजों से संबंधित आंकड़ों को भी जांचा। अन्य प्रतिरूपों पर भी इसका असर पड़ता है, जिनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाती है। (भाषा)