Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
सैन जुआन। प्यूर्टो रिको में तूफान मारिया के चलते आई हालिया आपदा के बीच एक बांध में बारिश के पानी के कारण जलस्तर बढ़ जाने के बाद वहां रहने वाले 70,000 लोगों को इलाका छोड़ने का आदेश दिया गया है।
तूफान के कारण समूचे कैरेबिया में मची तबाही के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 33 हो गई। सैन जुआन में राष्ट्रीय मौसम सेवा ने शुक्रवार को पश्चिमोत्तर द्वीप में गौजाटाका नदी के तटीय इलाकों के पास रह रहे लोगों के लिए अचानक बाढ़ आने की चेतावनी जारी की और कहा कि वर्ष 1920 में बना बांध करीब-करीब ढहने के कगार पर है।
मौसम सेवा ने एक ट्वीट में कहा कि बाढ़ का पानी भरना शुरू हो गया है। इसमें कहा गया कि गौजाटाका नदी के आसपास के सभी इलाके तत्काल खाली करा दिए जाएं। वहां रहने वाले लोगों का जीवन खतरे में है। इसके तुरंत बाद गवर्नर रिकार्डो रोसेलो ने इलाके में रह रहे 70,000 लोगों के लिए इलाका खाली करने का आदेश जारी किया।
बुधवार सुबह द्वीप पर तूफान मारिया के कारण मची तबाही के बाद प्यूर्टो रिको पहले से ही भयानक बाढ़ से जूझ रहा है। रोसेलो ने बताया कि आरंभिक आकलन के मुताबिक 13 लोगों के मारे जाने की आशंका है।
तूफान का आकलन करने वाले केंद्र नेशनल हरिकेन सेंटर ने कहा कि मारिया के कारण प्यूर्टो रिको में 40 इंच (1 मीटर से अधिक) बारिश हो सकती है। मारिया के कारण डोमिनिका में 15 लोगों समेत कम से कम 33 लोगों की मौत हो गई है। (भाषा)