Publish Date: Tue, 22 Aug 2017 (08:19 IST)
Updated Date: Tue, 22 Aug 2017 (08:22 IST)
बीजिंग। लद्दाख क्षेत्र में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच झड़प के बाद बौखलाए चीन ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका यह कदम सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों देशों के बीच बनी सहमति के विरूद्ध है।
चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हुआ चुनयिंग ने नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'गत मंगलवार को चीन के सैनिक पैंगांग झील के पास अपनी सीमा में नियमित गश्त लगा रहे थे। इसी दौरान भारतीय सैनिकों ने हमारे सैनिकों को रोका और उनके साथ हाथापाई की जिससे कुछ सैनिक चोटिल हो गए।'
उन्होंने कहा कि भारत का यह कदम सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए दोनों देशों के बीच बनी सहमति के खिलाफ है और इससे स्थिति बिगड़ सकती है।
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने गत 18 अगस्त को लद्दाख में पैगांग झील के पास 15 अगस्त को हुई घटना की पुष्टि करते हुए कहा था कि ऐसी घटनाएं दोनों देशों के हित में नहीं हैं।
नई दिल्ली में एक सूत्र ने बताया था कि चीन के सैनिकों ने लद्दाख में पांगोंग झील के पास भारत की सीमा में घुसने की कोशिश की जिसे भारतीय सैनिकों ने विफल कर दिया। उन्होंने बताया कि कुछ चीनी सैनिकों के हाथ में लोहे की छड़ें और पत्थर थे जिनसे उन्होंने भारतीय सैनिकों पर हमला किया। इस झड़प में दोनों पक्षों के सैनिकों को मामूली चोटें आई हैं।
गौरतलब है कि डोकलाम क्षेत्र में दोनों देशों की सेनाओं के बीच दो महीने से अधिक समय से गतिरोध चल रहा है। चीन ने भारत को डोकलाम से पीछे हटने अथवा खमियाजा भुगतने की चेतावनी दी है। (वार्ता)