Publish Date: Mon, 10 Sep 2018 (16:41 IST)
Updated Date: Mon, 10 Sep 2018 (16:45 IST)
फाइल फोटो
मियामी। अमेरिका के पूर्वी तट तक पहुंच चुके तूफान 'फ्लोरेंस' के सोमवार तक और खतरनाक होने के आसार हैं। देश के नेशनल हरिकेन सेंटर ने लोगों से तैयारी करने का अनुरोध किया है। एनएचसी ने रविवार रात जारी परामर्श में कहा कि संभावना है कि सोमवार तक फ्लोरेंस बेहद तेजी से शक्तिशाली तूफान में तब्दील हो जाएगा और ऐसे आसार हैं कि यह बृहस्पतिवार तक बेहद खतरनाक प्रचंड तूफान बना रहेगा।
पूर्वानुमान लगाने वालों ने बताया कि उनके तूफान खोजी विमानों ने पाया है कि 'फ्लोरेंस' मजबूत होता जा रहा है। उत्तर एवं दक्षिण कैरोलिना और वर्जिनिया राज्यों ने पहले ही आपातकाल की घोषणा कर दी है, ताकि तेजी से तैयारियां करने में मदद मिल सके।
आशंका है कि ये राज्य फ्लोरेंस की चपेट में आ सकते हैं। दक्षिण कैरोलिना के गवर्नर हेनरी मैकमास्टर ने अपने राज्य में आपातकाल की घोषणा जारी करते हुए कहा कि यह तूफान बहुत शक्तिशाली है और इसका मार्ग इतना अनिश्चित है कि कोई खतरा नहीं मोल लिया जा सकता।