Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
जब आपको कोई भी जानकारी चाहिए हो तब आप गूगल पर सर्च कर लेते हैं, वैसे ही अब हम आपको बताते हैं गूगल गर्ल के नाम से प्रसिद्ध इस लड़की के बारे में। ये लड़की किसी गूगल सर्च से कम नहीं है। इनसे जो भी पूछो, हर बात का जवाब है इनके पास। इस गूगल गर्ल का नाम है आरोही और ये अभी केवल 7 साल की हैं, लेकिन इनका सामान्य ज्ञान असामान्य है। इतनी कम उम्र में भी आरोही को वह सबकुछ याद रहता है जो किसी दसवीं या बारहवीं के स्टूडेंट्स को भी याद रख पाना मुश्किल है।
बिहार की रहने वाली आरोही इतनी कम उम्र में ही अपनी जबरदस्त याददाश्त से सबको हैरान कर देती हैं। आरोही से बात करते हुए लगेगा कि आप जीते-जागते गूगल से बात कर रहे हैं। आरोही के पास देश और दुनिया की तमाम जानकारी मौजूद है, यही कारण है कि लोग इन्हें 'गूगल गर्ल' के नाम से बुलाते हैं।
आरोही की मेमोरी इतनी शार्प है कि सामान्य ज्ञान से लेकर केमिस्ट्री, बायोलॉजी से जुड़ी कोई भी जानकारी हो, केमिस्ट्री की पीरियाडिक टेबल से लेकर हर एलीमेंट की जानकारी, अलग-अलग प्राणियों के वैज्ञानिक नाम, इंडियन स्टेट्स और उनके नाम, पर्वतों के नाम, इंडिया के पड़ोसी देशों के नाम और दुनिया के अलग-अलग देशों, उनकी केपिटल और यहां तक कि उनकी करेंसी का नाम सबकुछ आरोही को याद है।
उनके पास हर सवाल का जवाब है। बचपन से ही वे पढ़ाई में भी काफी होनहार हैं। उनकी सीखने और याद रखने की शक्ति इतनी अद्भुत है कि अपने घर, स्कूल और गांव में वे 'गूगल गर्ल' नाम से प्रसिद्ध हैं।