sundarkand

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

तीसरे वर्ष में पहुंचा 'विघ्नहर्ता अवॉर्ड', इंदौर से शुरू हुई मुहिम अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ओर

दस दिवसीय गणेश उत्सव में दस 'साक्षात विघ्नहर्ताओं' का सम्मान

Advertiesment
Vighnaharta Award 2026
तीन वर्ष पहले इंदौर शहर से शुरू हुई “विघ्नहर्ता अवॉर्ड” की मुहिम 2026 में अपने तीसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। वर्ष 2024 से शुरू हुई यह पहल 2025 में आगे बढ़ी और अब 2026 के दस दिवसीय गणेश उत्सव में दस अलग-अलग क्षेत्रों में वर्षों से समाज का कोई न कोई वास्तविक विघ्न दूर कर रहे व्यक्तियों और संस्थाओं को Vighnaharta Award 2026 से सम्मानित किया गया।
 
इस पहल के सूत्रधार अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक चिंतक कृष्णा गुरुजी हैं। उनका प्रयास गणेश उत्सव को केवल पूजा तक सीमित न रखकर उसे मानव सेवा से जोड़ना है। इसी सोच को उन्होंने “गणेश आरती का मानवीकरण” नाम दिया है। गणेश आरती की प्रसिद्ध पंक्तियां हैं—
 
'अंधन को आंख देत, कोढ़न को काया,
बांझन को गर्भ देत, निर्धन को माया।
 
कृष्णा गुरुजी का मानना है कि इन पंक्तियों का भाव आज के समाज में सेवा के माध्यम से भी दिखाई दे सकता है। कोई आंखों की रोशनी लौटाने के लिए काम कर रहा है। कोई रोगियों की सेवा कर रहा है। कोई मातृत्व की आशा जगा रहा है। कोई जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा दे रहा है। वहीं कोई बुद्धि, स्वास्थ्य, पर्यावरण, जीवन रक्षा या सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में लोगों के विघ्न दूर कर रहा है। इसी विचार के साथ दस दिवसीय गणेश उत्सव के दौरान दस अलग-अलग “मानवीय विघ्नहर्ताओं” को सम्मानित किया गया।
 
1. अंधन को आँख देत : नंदकिशोर व्यास
महर्षि दधीचि देहदान-अंगदान समिति के संस्थापक नंदकिशोर व्यास को नेत्रदान की सेवा के लिए “अंधन को आँख देत — नेत्रदान सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। उनकी वर्षों की सेवा ने अनेक परिवारों को नेत्रदान और अंगदान के प्रति जागरूक किया है।
 
2. कोढ़न को काया देत : यामिनी निवासकर
कुष्ठ प्रभावित लोगों की सेवा से वर्षों से जुड़ी यामिनी निवासकर को “कोढ़न को काया देत — कुष्ठ सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। इंदौर के कुष्ठ सेवा सदन में गणेश स्थापना के साथ यह सम्मान दिया गया। इस पहल ने उपचार के साथ सम्मान, अपनत्व और सामाजिक स्वीकृति का संदेश दिया।
 
3. “बाँझन को गर्भ देत” : अंकुरा हॉस्पिटल
संतान की आशा में उपचार ले रहे दंपतियों की सेवा को गणेश आरती की “बाँझन को गर्भ देत” पंक्ति से जोड़ा गया। इसी भावना से अंकुरा हॉस्पिटल, विजय नगर की डॉ. आस्था जैन माथुर और डॉ. रितु सुराना हरिप्रिया को मातृत्व एवं प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
 
4. “निर्धन को माया” : अनुराग सचदेवा
जरूरतमंद और बस्ती के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा देने वाले अनुराग सचदेवा को “निर्धन को माया — निःशुल्क शिक्षण सम्मान” दिया गया। यहां “माया” को केवल धन से नहीं, बल्कि शिक्षा, अवसर और आत्मनिर्भरता से जोड़ा गया है।
 
5. “बुद्धि प्रदायक सेवा सम्मान” : मनोविकास समिति, उज्जैन
भगवान गणेश को बुद्धि और विवेक का दाता माना जाता है। इसी भावना से विशेष बच्चों की शिक्षा और बौद्धिक विकास में वर्षों से कार्यरत मध्य प्रदेश उज्जैन विकलांग सहायता समिति/मनोविकास को “बुद्धि प्रदायक सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। संस्था के 40 से अधिक शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया। कृष्णा गुरुजी ने कहा कि ये शिक्षक विशेष बच्चों के जीवन में “साक्षात गणेश” बनकर कार्य कर रहे हैं।
 
6. जीवनदान की विघ्नहर्ता : स्व. अभिजीता राठौर
अंगदान के माध्यम से कई लोगों को नया जीवन देने वाली स्व. एडवोकेट अभिजीता राठौर को मरणोपरांत Vighnaharta Award 2026 प्रदान किया गया। यह सम्मान उनके परिवार को सौंपा गया। इस सम्मान का संदेश था कि मानव सेवा मृत्यु के बाद भी जारी रह सकती है।
 
7. आध्यात्मिक चेतना सेवा सम्मान : पं. अतुल रामनारायण तिवारी
वेद-पुराण अध्ययन, शंखनाद और समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के लिए पं. अतुल रामनारायण तिवारी को “आध्यात्मिक चेतना सेवा सम्मान” प्रदान किया गया। इस सम्मान के माध्यम से संदेश दिया गया कि किसी के जीवन में आध्यात्मिक दिशा और सकारात्मक चेतना जगाना भी विघ्न दूर करने का एक स्वरूप है।
 
8. “दर्द की विघ्नहर्ता” : डॉ. जगुन सिंह
फिजियोथेरेपी के माध्यम से मरीजों के शारीरिक दर्द को कम करने और उनकी गतिशीलता बेहतर करने की सेवा के लिए डॉ. जगुन सिंह को “दर्द की विघ्नहर्ता — Physiotherapy Seva Samman” प्रदान किया गया। यह सम्मान स्वास्थ्य सेवा को गणेश के विघ्नहर्ता भाव से जोड़ता है।
 
9. “पर्यावरण के विघ्नहर्ता” : पार्थ जैन और अवनि जैन
अपने विवाह में पारंपरिक उपहार और लिफाफों के स्थान पर पौधे मंगवाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने वाले नवदंपती पार्थ जैन और अवनि जैन को “पर्यावरण के विघ्नहर्ता” सम्मान से सम्मानित किया गया। इस पहल ने विवाह और उत्सव जैसे अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का नया संदेश दिया।
 
10. यातायात सुरक्षा सम्मान : पंकज यादव
संकट की स्थिति में साहस और जिम्मेदारी दिखाने वाले इंदौर के यातायात आरक्षक पंकज यादव को “Vighnaharta Award 2026 — यातायात सुरक्षा सम्मान” प्रदान किया गया। उनका सम्मान इस संदेश के साथ किया गया कि सड़क पर लोगों की सुरक्षा और जीवन रक्षा के लिए काम करने वाला व्यक्ति भी समाज का वास्तविक विघ्नहर्ता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन और PM ई-बस सेवा का शुभारंभ, CM मोहन और गडकरी ने दिखाई हरी झंडी