Publish Date: Mon, 30 May 2022 (22:07 IST)
Updated Date: Mon, 30 May 2022 (22:11 IST)
प्रदेश से भाजपा की राज्यसभा प्रत्याशी कविता पाटीदार ने आज सोमवार को पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन (ताई) से उनके निवास पर मुलाकात की। इस दौरान भाजपा के जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर व नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे भी मौजूद थे।
कविता पाटीदार को आशीर्वाद देते हुए ताई ने उन्हें जनता से जुड़कर काम करने की सीख दी। तीनों नेताओ से चर्चा करते हुए ताई ने स्वर्गीय भेरूलाल पाटीदार की पार्टी के प्रति निष्ठा का भी जिक्र किया।
उन्हें याद करते हुए ताई भावुक हो गईं और नम आंखों से ताई ने कहा कि जब महू, इंदौर लोकसभा में था भेरूलालजी मेरे चुनाव में महू की पूरी जवाबदारी ले लेते। उनके किसी भी कार्य को भुलाया नहीं जा सकता है। तुम भी उनके जैसे ही काम करना। भावुक ताई ने तीनों नेताओं की पीठ थपथपाकर आशीर्वाद दिया। कविता पाटीदार ने भी ताई से कहा कि आपकी आंखों की ये नमी मेरे लिए अनमोल रत्न के समान है।