Publish Date: Fri, 21 Aug 2026 (14:54 IST)
Updated Date: Fri, 21 Aug 2026 (14:59 IST)
खंडवा जिले में (इंदौर संभाग के अंतर्गत) कलेक्टर कार्यालय की जनसुनवाई में एक अनोखी घटना देखने को मिली, जहां एक युवक कुत्ते का मुखौटा (डॉगी मास्क) पहनकर कलेक्टर के पास पहुंच गया। दरअसल, यह अनोखा प्रदर्शन नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक (मुल्लू) राठौर के नेतृत्व में किया गया।
क्यों किया ऐसा : प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चार साल में नसबंदी पर करीब 40 लाख रुपये खर्च किए जाने के बावजूद कुत्तों की संख्या कम नहीं हुई और इस दौरान 13,000 से अधिक लोगों को कुत्तों के काटने के मामले सामने आए हैं। ऐसे यह प्रशासन की पूरी तरह से नाकामी है।
इंसानों की नहीं सुनी तो यह खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा : मुल्लू राठौर ने कहा कि यह कुत्ता दिल्ली से पढ़कर आया है और इसने कहा है कि अब वह खुद जाकर एफआईआर करवाएगा। इसके बाद कार्रवाई होगी या नहीं, यह देखा जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम को यह भी पता नहीं है कि कुत्तों का बधियाकरण बंद है या चालू।
यह कुत्ता खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा : उन्होंने कहा कि जब नगर निगम इंसानों की समस्याएं नहीं सुन रहा है तो अब यह कुत्ता खुद अपनी लड़ाई लड़ेगा। राठौर ने कानूनी कार्रवाई करने और हाईकोर्ट तक जाने की बात भी कही।
कुत्तों के नाम पर 40 लाख का घोटाला : नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने आरोप लगाया कि खंडवा नगर निगम ने कई मामलों में रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पहले नाश्ते के नाम पर साढ़े चार करोड़ रुपये और अब कुत्तों के नाम पर 40 लाख रुपये के घोटाले का मामला सामने आया है।
चार साल में 13,225 लोगों को कुत्तों ने काटा : राठौर ने दावा किया कि पिछले चार साल में 13,225 लोगों को कुत्तों ने काटा है। उन्होंने कहा कि डॉग बाइट की समस्या को लेकर बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन जमीनी स्तर पर उनका असर नजर नहीं आया। नगर निगम की व्यवस्थाओं से केवल इंसान ही नहीं, बल्कि जानवर भी परेशान हैं।
बता दें कि शहर में डॉग बाइट की बढ़ती समस्या और कुत्तों के बधियाकरण के नाम पर हो रही गड़बड़ी के विरोध में नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष मुल्लू राठौर ने जो अनोखा तरीका अपनाया उसकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।