Publish Date: Mon, 20 Dec 2021 (09:16 IST)
Updated Date: Mon, 20 Dec 2021 (09:48 IST)
इंदौर। इंदौर की क्राइम ब्रांच ने एक पूर्व एयर होस्टेस को 10 लाख की एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार कर लिया है। ये एयर होस्टेस बच्चों के डाइपर के बीच ड्रग्स छिपाकर लाती थी। बरामद 100 ड्रग्स की कीमत 10 लाख रुपए है। यह एयर होस्टेस 2 साल पहले मलेशिया एयरलाइन्स में जॉब करती थी।
नवनियुक्त कमिश्नर हरीनारायणचारी मिश्र के मुताबिक एमडी ड्रग्स के रैकेट में क्राइम ब्रांच ने मुंबई की मानसी को पकड़ा है। मानसी का पति पुणे में रहता है तथा उसके पास से बहरीन और नेपाल की करेंसी भी मिली है। कुछ दिन पहले जारी हुई हेल्पलाइन पर मानसी के बारे में शिकायत आई थी।
पुलिस को अंदेशा है कि मानसी न्यू ईयर पार्टी के लिए ड्रग्स इंदौर लेकर आई थी। मानसी को एयर होस्टेस की जॉब के वक्त उसे ड्रग्स की लत लगी। इसके बाद मुंबई के ड्रग्स सप्लायर के संपर्क में आकर जॉब छोड़ दी और वह खुद भी इस पेशे में उतर गई।
नशे के बाजार में इस तरह के 1 ग्राम ड्रग की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में 6 से लेकर 15 हजार तक होती है। एमडीएमए को एक्सटेसी नाम से भी जाना जाता है। नशा करने वालों के बीच इसके और भी कोड नेम हैं। इसे लेने के बाद दिमाग में नशा चढ़ता है। मदहोशी आती है। अधिकतर लोग इसे मस्ती के लिए लेते हैं। ज्यादा मात्रा में एक साथ लेने पर यह जान के लिए खतरा तक बन सकता है।