Publish Date: Thu, 18 Nov 2021 (23:08 IST)
Updated Date: Thu, 18 Nov 2021 (23:53 IST)
इंदौर। शहर के भंवरकुआं इलाके के भोलाराम उस्ताद मार्ग पर एक घर में दिनदहाड़े डकैती की वारदात सामने आई है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। यहां एक घर में 5 से 6 बदमाश घुस आए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में रखे डेढ़ लाख रुपए कैश समेट लिया और फरार हो गए। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के मुताबिक यहां पंडित जगदीश वैष्णव के घर में 5 से 6 बदमाश घुस आए। बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में रखे डेढ़ लाख रुपए कैश समेट लिया और फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बदमाशों ने बंदूक दिखाकर घर में मौजूद पंडित जगदीश की पत्नी, दोनों बेटियों और 2 नौकरानियों को बंधक बना लिया था।
परिजनों के मुताबिक, बदमाशों ने सबसे पहले पंडित जगदीश वैष्णव के बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि पंडित जी का देहांत हो चुका है। इसके बाद भी वे घर में घुसने लगे, इस पर घर के लोगों ने आपत्ति जताई तो एक बदमाश ने बंदूक निकालकर कहा, पैसा कहां रखा है बताओ।
बाद में बाकी बदमाशों ने भी चाकू निकाल लिए। इसके बाद वे अंदर गए और अलमारी में रखे डेढ़ लाख रुपए ले लिए। बाद में बदमाशों ने सभी के हाथ बांध दिए और फिर बाहर निकलते समय एक लड़की से कहा कि जब हम चले जाएं, तभी दरवाजा खोलना।