Publish Date: Sun, 30 Jul 2023 (09:43 IST)
Updated Date: Sun, 30 Jul 2023 (09:45 IST)
Amit Shah in Indore : केंद्रीय गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह इस महीने में तीसरी बार मध्यप्रदेश आ रहे हैं। वे इंदौर में भाजपा के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके पहले शाह इसी महीने 2 बार भोपाल आ चुके हैं।
इसी क्रम में उन्हें आज भी पहले भोपाल और बाद में इंदौर आना था, लेकिन ऐन समय पर उनका भोपाल का दौरा निरस्त हो गया। वे लगभग सात घंटे मध्यप्रदेश में रहेंगे और इस दौरान भगवान परशुराम की जन्मस्थली जानापाव भी जाएंगे।
अमित शाह आज यहां बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के साथ ही अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे दोपहर डेढ़ बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से वे जानापाव में भगवान परशुराम की जन्मस्थली में दर्शन एवं पूजन करेंगे। दोपहर 3 बजे वे इंदौर में मां कनकदेवी मंदिर, आईटीआई के पास आयोजित बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे और उन्हें चुनाव में जीत का मंत्र देंगे।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष शाह शाम 5 बजे स्थानीय होटल मैरियट में बैठक को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे लगभग सवा 8 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
Edited by : Nrapendra Gupta