Publish Date: Sat, 15 Aug 2020 (17:03 IST)
Updated Date: Sat, 15 Aug 2020 (17:08 IST)
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि देश के 100 चुने हुए शहरों में प्रदूषण कम करने के लिए एक विशेष अभियान पर भी काम हो रहा है।
देश के 74वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) के संदर्भ में उन्होंने कहा कि यह अभियान समग्रतापूर्ण दृष्टिकोण के साथ चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश के 100 चुने हुए शहरों में प्रदूषण कम करने के लिए समग्रतापूर्ण दृष्टिकोण के साथ एक विशेष अभियान पर भी काम हो रहा है। मोदी ने कहा कि भारत अपनी जैवविविधता के संरक्षण और संवर्धन के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (एनसीएपी) पिछले वर्ष 10 जनवरी को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा पेश किया गया था। इसमें देशभर में वायु प्रदूषण की समस्या से निपटने के लिए समयबद्ध राष्ट्रीय स्तरीय रणनीति है।
केंद्र सरकार ने पिछले वर्ष अप्रैल में एक संचालन समिति का गठन किया था जिसमें दिल्ली, जम्मू-कश्मीर सहित 20 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिव शामिल हैं।
पर्यावरण मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा कि वायु प्रदूषण पर कोई नया कार्यक्रम नहीं है और प्रधानमंत्री पिछले वर्ष पेश एनसीएपी का जिक्र कर रहे थे। (भाषा)