Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
मंगलवार, 15 अक्टूबर 2024
webdunia
Advertiesment

इस एक और रात में ये देखो तो क्या होता है

गुलजार की नज्म ‘एक और रात’ पर टिप्पणी

हमें फॉलो करें इस एक और रात में ये देखो तो क्या होता है

रवींद्र व्यास

Ravindra VyasWD
गुलजार की जमीन और आसमान सरगोशियों से मिलकर बने हैं। ये सरगोशियाँ खामोशियों की रातें बुनती हैं। इन रातों में कई चाँद डूबते-उतरते रहते हैं। कई टँगे रहते हैं अपने अकेलेपन में जिनकी पेशानी पर कभी-कभी धुआँ उठता रहता है। दूज का चाँद, चौदहवीं का चाँद और कभी एक सौ सोलह रातों का चाँद।

कभी ये चाँद किसी चिकनी डली की तरह घुलता रहता है। ये चाँद ख्वाब बुनते रहते हैं। ख्वाबों में रिश्ते फूलों की तरह खिलते रहते हैं और उसकी खुशबू पलकों के नीचे महकती रहती है। ये रिश्ते कभी मुरझाकर ओस की बूँदों की तरह खामोश रातों में झरते रहते हैं।

वे किसी गर्भवती स्त्री की तरह गुनगुनी धूप में यादों को गुनगुनाते महीन शब्दों से मन का स्वेटर बुनते हैं। इसमें उनकी खास रंगतें कभी उजली धूप की तरह चमकती रहती हैं। कभी इसमें सन्नाटों की धूल उड़ती रहती है। इसकी बनावट और बुनावट की धीमी आँच में रिश्तों के रेशे अपने दिलकश अंदाज में आपके मन को आपकी देह को रुहानी अहसास कराते हैं।

कहते हैं किसी की आत्मा पेड़ों में बसती है। किसी की आत्मा एक फूल में बसती है। कहते यह भी हैं कि आत्मा एक पिंड में बसती है। और यह भी कि आत्मा एक स्वर्ग में बसती है, एक मुहूर्त में बसती है। क्या कहा जा सकता है कि गुलजार की गीतात्मा चाँद में बसती है। और चाँद यानी रात भी।

  कभी ये चाँद किसी चिकनी डली की तरह घुलता रहता है। ये चाँद ख्वाब बुनते रहते हैं। ख्वाबों में रिश्ते फूलों की तरह खिलते रहते हैं और उसकी खुशबू पलकों के नीचे महकती रहती है। ये रिश्ते कभी मुरझाकर ओस की बूँदों की तरह...      
और रात यानी तारे भी। और तारे यानी समूची कायनात। और इसके बीच वह भी जिससे हिज्र की रात में कहा जा रहा है कि काश! इक बार कभी नींद में उठकर तुम भी ये देखो तो क्या होता है...

यह एक और रात है...
इस नज्म की पहली लाइन में रात के बहाने अपनी स्थिति बताने का एकदम सादगीभरा जलवा है। कोई बनाव नहीं। कोई श्रृंगार नहीं। लुभाने-रिझाने का कोई अंदाज नहीं।

  यह रात का जो जादू है, उसकी सुंदरता का जो भव्य स्थापत्य है, अकेलापन है, सन्नाटा है और खामोश गुजरना भर है, इसमें एक ख्वाहिश भी है कि कोई हिज्र की रातों में नींद से उठकर इसे देखें...      
अकेलेपन में रात का चुपचाप, एकदम खामोश गुजरना भर है। यह एक इमेज है। कहने दीजिए गुलजार इमेजेस के ही कवि हैं। दूसरी लाइन में कोई आहट नहीं, कोई गूँज नहीं। न रोना है, न हँसना। एक अनकहे को पकड़ने की कोशिश।

एक जरूरी दूरी पर खड़े होकर। न डूबकर, न उतरकर। अपने को भरसक थिर रखते हुए। तीसरी लाइन में रात के जादू को आकार में पकड़ने का वही दिलकश अंदाज है। इसमें चार चीजें हैं- काँच है, नीला है, गुंबद है और वह उड़ा जाता है। काँच, जाहिर है यह रात को उसकी नाजुकता में देखने की निगाह है।

रात नीला गुंबद है। अहा। क्या बात है। इसमें एक कोई देखी मुगलकालीन भव्य इमारत की झीनी सी याद है।
यह रात को कल्पना से तराशने का सधा काम है। रात को एक आकार देना। उसे देहधारी बनाना। और यह गुंबद है, जो उड़ा जाता है। यानी एक मोहक और मारक गति है।

एक उड़ती हुई गति। जाहिर है इस गति में रात की लय शामिल है। बीतती लयात्मक रात। यह मोहब्बत का स्पर्श है जो गुंबद के भारीपन को किसी चिड़िया की मानिंद एक उड़ान देता है। विश्वविख्यात मूर्तिकार हेनरी मूर को याद करिए। वे पत्थर में चिड़िया को ऐसे ढालते हैं कि पत्थर अपने भारीपन से मुक्त होकर चिड़िया के रूप में उड़ने-उड़ने को होता है।

यह फनकार की ताकत है, अपने मीडियम से मोहब्बत है।
पाँचवीं लाइन बताती है कि यह शायर रातों को जागता है और रोज ही रातों को निहारता है। इसी जागने से यह एक और रात बनी है जिसमें कहा जा रहा है कि चाँद की किरणों में वो रोज-सा रोशन नहीं।

यह आपकी इंद्रियों का जागना भी है। कलाकार यही करता है। वह सभी इंद्रियों के प्रति आपको सचेत करता है। यह देखना-दिखाना भर नहीं है। छठी पंक्ति में चिकनी डली है। स्पर्श का अहसास है। फिर घुलना है। यह एक और रात कि घुली जा रही है। कि पर गौर फरमाएँ। है न कुछ बात।

और सातवीं लाइन में इन सबसे घुल-मिलकर एक सन्नाटा रात की तरह ही फैलता जा रहा है। वे इसे उड़ती धूल में पकड़ते हैं। महीन धूल। आठवीं और नौवीं लाइन मारू है। यह रात का जो जादू है, उसकी सुंदरता का जो भव्य स्थापत्य है, अकेलापन है, सन्नाटा है और खामोश गुजरना भर है, इसमें एक ख्वाहिश भी है कि कोई हिज्र की रातों में नींद से उठकर इसे देखें। यह भी कि- ये देखो तो क्या होता है।

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi