Hanuman Chalisa

दशहरा पर निबंध Essay on Dussehra in Hindi

कुल्लू का दशहरा, पढ़ें पर हिन्दी निबंध

WD Feature Desk
गुरुवार, 10 अक्टूबर 2024 (14:15 IST)
Highlights 
ALSO READ: विजयादशमी पर सोना पत्ती क्यों बांटी जाती है? जानें इस अनोखी परंपरा का महत्व
 
Dussehra Essay In Hindi: प्रस्तावना- हिन्दुओं का प्रमुख त्योहार तथा भारतीय संस्कृति के वीरता का पूजक और शौर्य का उपासक माना जाने वाला दशहरा/ विजयादशमी का पर्व प्रतिवर्ष आश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर मनाया जाता है, इसी दिन प्रभु श्री राम ने दशानन रावण का वध किया था। जो कि असत्य पर सत्य की विजय के रूप में जाना जाता है। 
 
असत्य और बुराई पर विजय का पर्व है दशहरा : यह एक बहुत ही महत्वपूर्ण हिन्दू त्योहार होने के कारण भारतभर के लोगों द्वारा बेहद हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन कलाकार राम, सीता और लक्ष्मण के रूप धारण करते हैं और रावण, उसके भाई कुंभकर्ण और पुत्र मेघनाद के पुतले जलाए जाते हैं। ये कलाकार आग के तीर से इन पुतलों को मारते हैं जो पटाखों से भरे होते हैं। पुतले में आग लगते ही वह धू-धू कर जलने लगता है और इनमें लगे पटाखे फटने लगते हैं और उससे उसका अंत हो जाता है। यह त्योहार बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। इस दिन क्षत्रियों के यहां शस्त्र की पूजा तथा वाहन पूजा की जाती है। 
 
कैसे हुई थी दशहरा शब्द की उत्पत्ति : दशहरा या दसेरा शब्द 'दश' (दस) एवं 'अहन्‌‌' से बना है। दशहरा उत्सव की उत्पत्ति के विषय में कई कल्पनाएं की गई हैं। कुछ लोगों का मत है कि यह कृषि का उत्सव है। दशहरे का सांस्कृतिक पहलू भी है। भारत कृषि प्रधान देश है। जब किसान अपने खेत में सुनहरी फसल उगाकर अनाज रूपी संपत्ति घर लाता है तो उसके उल्लास और उमंग का कोई ठिकाना नहीं रहता। इस प्रसन्नता के अवसर पर वह भगवान की कृपा को मानता है और उसे प्रकट करने के लिए वह उसका पूजन करता है। तो कुछ लोगों के मत के अनुसार यह रण यात्रा का द्योतक है, क्योंकि दशहरा के समय वर्षा समाप्त ही जाती हैं, नदियों की बाढ़ थम जाती है, धान आदि सहेज कर रखे जाने वाले हो जाते हैं।
 
दशहरा पर्व का धार्मिक महत्व क्या है : धार्मिक ग्रंथों में दशहरा को वर्ष की 3 अत्यंत शुभ तिथियों में से एक माना गया है, अन्य दो तिथियां हैं चैत्र शुक्ल एवं कार्तिक शुक्ल की प्रतिपदा। प्राचीन काल में राजा लोग इस दिन विजय की प्रार्थना कर रण यात्रा के लिए प्रस्थान करते थे। इसी दिन लोग नया कार्य प्रारंभ करते हैं, शस्त्र-पूजा, वाहन पूजा की जाती है। नया भवन, नया वाहन आदि की खरीदारी भी की जाती है। दशहरा या विजयादशमी का त्योहार बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है। दशमी के दिन ही मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम ने दशानन रावण का वध किया था। अत: इसे असत्य पर सत्य की विजय के रूप में मनाया जाता है। इसीलिए इस तिथि को विजयादशमी के नाम से जाना जाता है। दशहरा पर्व 10 प्रकार के पापों से दूर रहने की सीख देता है। यह लोभ, काम, क्रोध, मोह, मद, मत्सर, अहंकार, आलस्य, हिंसा और चोरी जैसे अवगुणों को छोड़ने की प्रेरणा हमें देता है। दशहरा पर्व हमें यह भी सिखाता है कि हमें सभी बुराइयों को त्याग कर अच्छाई के मार्ग पर हमेशा चलना चाहिए।   
 
राम-रावण युद्ध की कथा क्या है : रावण प्रभु श्री राम की पत्नी देवी सीता का अपहरण कर लंका ले गया था। भगवान राम युद्ध की देवी मां दुर्गा के भक्त थे, उन्होंने युद्ध के दौरान पहले नौ दिनों तक मां दुर्गा की पूजा की और दसवें दिन दुष्ट रावण का वध किया। इसलिए विजयादशमी एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन है। प्रभु श्री राम की विजय के प्रतीक स्वरूप इस पर्व को 'विजयादशमी' कहा जाता है। इस उत्सव का संबंध नवरात्रि से भी है क्योंकि नवरात्रि के उपरांत ही यह उत्सव होता है और इसमें महिषासुर के विरोध में देवी के साहसपूर्ण कार्यों का भी उल्लेख मिलता है। दशहरा या विजयादशमी नवरात्रि के बाद दसवें दिन मनाया जाता है। सनातन काल से ही शक्ति की उपासना का पर्व शारदीय नवरात्रि प्रतिपदा से नवमी तक निश्चित नौ तिथि, नौ नक्षत्र, नौ शक्तियों की नवधा भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस मौके पर लोग नवरात्रि के नौ दिन जगदंबा के अलग-अलग रूपों की उपासना करके शक्तिशाली बने रहने की कामना करते हैं। भारतीय संस्कृति सदा से ही वीरता व शौर्य की समर्थक रही है। दशहरे का उत्सव भी शक्ति के प्रतीक के रूप में मनाया जाने वाला उत्सव है।
 
दशहरे पर क्या-क्या आयोजन होते हैं : विजयादशमी या दशहरा पर्व को मनाने के लिए जगह-जगह बड़े मेलों का आयोजन किया जाता है। यहां लोग अपने परिवार, दोस्तों के साथ आते हैं और खुले आसमान के नीचे मेले का पूरा आनंद लेते हैं। मेले में तरह-तरह की वस्तुएं, चूड़ियों से लेकर खिलौने और कपड़े, बच्चों के लिए शस्त्र, गदा, तलवार आदि बेचे जाते हैं। इसके साथ ही मेले में व्यंजनों की भी भरमार रहती है। इस समय रामलीला का भी आयोजन होता है। रामलीला में जगह-जगह रावण वध का प्रदर्शन होता है। रावण का विशाल पुतला बनाकर उसे जलाया जाता है। दशहरा अथवा विजयादशमी भगवान राम की विजय के रूप में मनाया जाए या दुर्गा पूजा के रूप में, दोनों ही रूपों में यह शक्ति-पूजा, आयुध-पूजा या आजीविका के लिए आवश्यक औजारों की पूजा, शस्त्र पूजन, हर्ष, उल्लास तथा विजय का पर्व है। 
 
कुल्लू के दशहरे पर हिन्दी निबंध : कुल्लू को उत्तर भारत के एक प्रसिद्ध पर्यटक स्थल के बारे में विश्वभर में जाना जाता है। अत: भारत के हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में स्थित एक नगर है, यह कुल्लू घाटी में ब्यास नदी के किनारे बसा हुआ है और यहां का दशहरा दुनिया भर में प्रसिद्ध है। इस दशहरे की खासियत यह है कि जहां सभी स्थानों पर रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण का पुतला जलाया जाता है, वहां कुल्लू में काम, क्रोध, मोह, लोभ और अहंकार के नाश के प्रतीक के तौर पर पांच जानवरों की बलि दी जाती है।
 
कथा : यहां के कुल्लू के दशहरे का सीधा संबंध रामायण से जुड़ा नहीं है, बल्कि इसके पीछे की कहानी एक राजा से जुड़ी है। सन्‌ 1636 में जब जगतसिंह यहां का राजा था, तो मणिकर्ण की यात्रा के दौरान उसे ज्ञात हुआ कि एक गांव में एक ब्राह्मण के पास बहुत कीमती रत्न हैं। अत: राजा ने उस रत्न को हासिल करने के लिए अपने सैनिकों को उस ब्राह्मण के पास भेजा। सैनिकों ने उसे यातनाएं दीं, डर के मारे उसने राजा को श्राप देकर परिवार समेत आत्महत्या कर ली। कुछ दिन बाद राजा की तबीयत खराब होने लगी। तब एक साधु ने राजा को श्रापमुक्त होने के लिए रघुनाथ जी की मूर्ति लगवाने की सलाह दी। तब अयोध्या से लाई गई इस मूर्ति के कारण राजा धीरे-धीरे ठीक होने लगा और तभी से उसने अपना जीवन और पूरा साम्राज्य भगवान रघुनाथ को समर्पित कर दिया। तभी से यहां दशहरा पूरी धूमधाम से मनाया जाने लगा। अत: यहां का कुल्लू का दशहरा परंपरा, रीति-रिवाज और ऐतिहासिक दृष्टि से बहुत महत्व रखता है। 
 
ALSO READ: Dussehra: दशहरा और विजयादशमी में क्या अंतर है?
 
अस्वीकरण (Disclaimer) : चिकित्सा, स्वास्थ्य संबंधी नुस्खे, योग, धर्म, ज्योतिष, इतिहास, पुराण आदि विषयों पर वेबदुनिया में प्रकाशित/प्रसारित वीडियो, आलेख एवं समाचार सिर्फ आपकी जानकारी के लिए हैं, जो विभिन्न सोर्स से लिए जाते हैं। इनसे संबंधित सत्यता की पुष्टि वेबदुनिया नहीं करता है। सेहत या ज्योतिष संबंधी किसी भी प्रयोग से पहले विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें। इस कंटेंट को जनरुचि को ध्यान में रखकर यहां प्रस्तुत किया गया है जिसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।

सम्बंधित जानकारी

Show comments
सभी देखें

जरुर पढ़ें

किडनी की सफाई के लिए 3 घरेलू उपाय, डॉक्टर की सलाह से आजमाएं

Summer diet plan: गर्मी से बचने के लिए जानें आयुर्वेदिक पेय और डाइट प्लान

Nautapa and health: नौतपा में ऐसे रखें सेहत का ध्यान, जानें 10 सावधानियां

Nautapa 2026: नौतपा क्या है? जानें इसके कारण और लक्षण

cold water: ज्यादा ठंडा पानी पीना सही है या गलत? जानें सच

सभी देखें

नवीनतम

summer cooling tips: नौतपा में आग उगलेगी धरती, जानें Nautapa में घर पर राहत पाने के 7 घरेलू तरीके

गंगा दशहरा जल के प्रति कृतज्ञता का पर्व

Nautapa 2026: नौतपा क्या है? जानें इसके कारण और लक्षण

Nautapa 2026: 25 मई से नौतपा: भीषण गर्मी के दिन, जानें महत्व, पर्यावरण और सेहत पर प्रभाव

बाल कविता: टप्पा टप्पा टुन टुन

अगला लेख