Publish Date: Sat, 15 Dec 2012 (23:19 IST)
Updated Date: Sat, 15 Dec 2012 (23:18 IST)
गुजरात में दूसरे चरण के चुनाव के तहत 95 सीटों पर मतदान के लिए शनिवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो गया।
कांग्रेस और भाजपा सहित सभी राजनीतिक दलों ने 17 दिसंबर के चुनाव से पहले मतदाताओं को रिझाने की पूरी कोशिश की है।
गुजरात विधानसभा के लिए दो चरणों के मतदान के तहत दूसरे चरण में एक करोड़ 98 लाख 99 हजार 501 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। दूसरे चरण के चुनाव में 820 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। चुनाव आयोग की अधिसूचना के अनुरूप 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार शनिवार शाम पांच बजे समाप्त हो गया।
दूसरे चरण के चुनाव में मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस ने निलंबित आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट की पत्नी श्वेता भट्ट को चुनाव मैदान में उतारा है। अन्य महत्वपूर्ण उम्मीदवारों में कांग्रेस के शंकरसिंह वाघेला, भाजपा के अमित शाह और गुजरात परिवर्तन पार्टी की जागृति पांड्या शामिल हैं। (भाषा)
About Writer
भाषा
भाषा हिन्दी समाचार एजेंसी है, जो कि वेबदुनिया को अनुबंध के तहत देश-विदेश की खबरें उपलब्ध करवाती है।....
और पढ़ें