suvichar

Select Your Language

Notifications

webdunia
webdunia
webdunia
webdunia

FIFA WC 2018 : इंग्लैंड ने ट्‍यूनिशिया को 2-1 से हराया, 28 साल बाद हैरी केन के नाम रहे दोनों गोल

Advertiesment
FIFA World Cup 2018
वोल्गोग्राद। कप्तान हैरी केन के दो बेहतरीन गोलों के दम पर इंग्लैंड ने आज रात विश्व कप फुटबॉल के ग्रुप 'जी' के मैच में ट्‍यूनीशिया को 2-1 से हरा दिया। इंग्लिश कप्तान ने मैच का विजयी सूचक गोल इजुरी टाइम (91वें मिनट) पर हैडर से किया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने कभी भी अफ्रीकी टीम से न हारने का अपना रिकॉर्ड कायम रखा। 
 
 
14वीं बार विश्व कप में खेल रही इंग्लैंड की टीम पिछले 9 विश्व कप में कभी भी एक गोल से ज्यादा नहीं कर पाई थी लेकिन आज उसने दो गोल करके पुराने पाप भी धो लिए। इंग्लैंड की जीत के सुपर हीरो कप्तान हैरी केन ही रहे, जिन्होंने क्वालिफायर में भी 5 गोल दागे थे।
webdunia
इस मैच में कई नाटकीय उतार-चढ़ाव देखने को मिले। हाफ टाइम तक दोनों टीमें 1-1 से बराबर थी। इंग्लैंड ने 12वें मिनट में ही हैरी केन के गोल की मदद से बढ़त बना ली थी लेकिन फरजानी सासी ने पेनल्टी शूट पर ट्‍यूनीशिया को बराबरी दिलवा दी। 2018 के विश्व कप में ये किसी अफ्रीकी देश के खिलाड़ी का पहला गोल है। 
 
इंग्लैंड के सुपर स्टार हैरी केन ने पहले बायीं ओर एशले यंग को गेंद सौंपी, जिन्होंने गोल के ठीक बीच भागकर आ रहे जान स्टोंस को गेंद सौंपी जिनके हेडर को ट्यूनीशिया के गोलकीपर मोएज हसन ने बायीं ओर डाइव लगाकर रोका। केन ने हालांकि रिबाउंड पर गोल करके इंग्लैंड को बढ़त दिला दी। 
इंग्लैंड के पास यह बढ़त 34 मिनट तक कायम रही क्योंकि इंग्लैंड के डिफेंडर काइल वाकर ने फखरूद्दीन बेन युसूफ को पेनल्टी बॉक्स में बाधा पहुंचाई थी, जिसके के कारण रैफरी ने ट्‍यूनीशिया को पेनल्टी का उपहार दे दिया। सासी ने 35वें मिनट में इसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। सॉसी का यह चौथा अंतरराष्ट्रीय गोल था। 
 
आज खेल के पहले हाफ में ट्यूनीशिया के गोलकीपर मौज हसन एक शॉट को रोकने के प्रयास में घायल हो गए। हसन जगह बेन मुस्तफा ने गोलरक्षण का भार संभाला। इस विश्व कप में यह पहला अवसर है जबकि गोलकीपर घायल हुआ।
1966 का विश्व चैम्पियन इंग्लैंड 12वीं रैंकिंग के साथ अपनी चुनौती पेश करने उतरा है। इंग्लैंड इस विश्व कप की तीसरी सबसे युवा टीम है, जिसके सभी खिलाड़ी इंग्लिश प्रीमियर लीग का हिस्सा हुआ करते हैं। इस युवा टीम ने खेल के 75 से लेकर 90 मिनट के खेल के बीत तूफानी हमले बोले।
 
निर्धारित समय में दोनों टीमें बराबरी पर थी लेकिन इंजुरी टाइम के पहले ही मिनट में इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन ने हेडर से आए पास पर 'हेडर' के जरिए गोल करके अपनी टीम 2-1 से जीत दिलाकर 3 अंक दिलवा दिए। ट्‍यूनिशिया के गोलकीपर बेन मुस्तफा के पास हैरी केन के अप्रत्याशित हैडर को बचाने का कोई विकल्प बाकी नहीं रह गया था। 
 
18 जून को खेले गए अन्य मैचों के परिणाम 
स्वीडन ग्रुप 'एफ' में  कोरिया को 1-0 से हराया 
बेल्जियम ने ग्रुप 'जी' पनामा को 3-0 से रौंदा 
 
19 जून को खेले जाने वाले मैच 
ग्रुप 'एच में कोलंबिया विरुद्ध जापान शाम 5.30 बजे से 
ग्रुप 'एच में पोलैंड विरुद्ध सेनेगल रात 8.30 बजे से 
ग्रुप 'ए' में रूस विरुद्ध मिस्र रात 11.30 बजे से 

Share this Story:

Follow Webdunia Hindi

अगला लेख

FIFA WC 2018 : बेल्जियम ने पनामा को डेब्यू वर्ल्ड कप में 3-0 से हराया, लुकाकु ने दागे 2 गोल