Publish Date: Tue, 10 Feb 2015 (19:01 IST)
Updated Date: Tue, 10 Feb 2015 (19:07 IST)
वॉशिंगटन। अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने दिल्ली में भाजपा पर आम आदमी पार्टी की चुनावी जीत को ‘राजनीतिक भूकंप’ करार दिया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तंज कसते हुए कहा, जो ऊपर जाता है उसे नीचे आना ही पड़ता है।’
द न्यूयॉर्क टाइम्स ने केंद्र में भाजपा की जीत के एक वर्ष से कम समय में भी दिल्ली में उसकी हार को हल्का राजनीतिक भूकंप बताया।
अखबार ने कहा, ‘नरेन्द्र मोदी ने ऐतिहासिक जीत दर्ज कर प्रधानमंत्री पद पाया और अब एक वर्ष से भी कम समय में मंगलवार को राजधानी में हल्का राजनीतिक भूकंप आ गया और आंशिक परिणामों से संकेत मिलता है कि मोदी की पार्टी स्थानीय चुनावों में एक नए राजनीतिक संगठन से बुरी तरह हार गई है, जिसका नेतृत्व भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलनकारी (अरविंद केजरीवाल) कर रहा है।’
वॉशिंगटन पोस्ट ने इसे ‘नए भ्रष्टाचार विरोधी आम आदमी पार्टी’ के हाथों ‘अद्भुत हार’ करार दिया।
अखबार ने लिखा है, ‘चुनाव को मुख्यत: मोदी के लिए राजनीतिक झटके के रूप में लिया जा रहा है। मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद विधानसभा चुनावों में हार उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को पहला झटका है।’
इसने लिखा है, ‘मोदी की बढ़ती लोकप्रियता को भुनाते हुए हाल के महीने में भाजपा कई राज्यों में चुनाव जीती और मंगलवार को भी उन्हें सफलता दोहराने की उम्मीद थी जिसे मीडिया मोदी का ‘विजय रथ’ बता रहा था लेकिन केजरीवाल के करिश्माई नेतृत्व के कारण दिल्ली भाजपा के लिए कड़ी लड़ाई साबित हुई।’
सीएनएन नेटवर्क ने मोदी पर तंज कसने के लिए आइजक न्यूटन के भौतिकी के सिद्धांत का जिक्र करते हुए कहा, ‘इस हफ्ते नई दिल्ली काफी अलग वैज्ञानिक विषय भौतिकी के बारे में बात कर रही है। जो ऊपर जाता है, उसे नीचे आना ही होता है।’
अमेरिका के बड़े खबरिया चैनल ने कहा, ‘पिछले वर्ष मई में राष्ट्रीय चुनावों में व्यापक जनादेश हासिल करने के बाद से और फिर देश में हुए राज्य चुनावों में इस चमत्कार को दोहराते हुए भारत में सत्तारुढ़ भाजपा को दिल्ली चुनावों में काफी झटका लगा है।’
बीबीसी ने भी उजागर किया कि ‘पिछले वर्ष पदभार ग्रहण करने से लेकर काफी लोकप्रिय रहे प्रधानमंत्री मोदी के लिए यह बड़ा झटका है। उन्होंने कई राज्यों के चुनाव जीते और अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और विश्व के नेताओं को लुभाया।’
लंदन के ‘द टेलीग्राफ’ ने दिल्ली चुनावों में भाजपा की हार को ‘अपमानजनक हार’ करार दिया, जिसमें कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिल सकी जबकि ‘गार्जियन’ ने इस अद्भुत परिणाम को ‘मोदी के लिए झटका’ बताया। (भाषा)