Publish Date: Sun, 02 Jun 2019 (16:11 IST)
Updated Date: Sun, 02 Jun 2019 (16:57 IST)
साउथम्पटन। भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली के अंगूठे पर नेट अभ्यास के दौरान चोट लग गई लेकिन वे ठीक हैं। भारतीय टीम बुधवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप में अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
टीम के एक सूत्र ने कहा कि बल्लेबाजी के दौरान उनका अंगूठा चोटिल हो गया लेकिन वे ठीक हैं और इसमें चिंता करने की कोई बात नहीं। शनिवार को अभ्यास के दौरान कोहली के दाहिने हाथ का अंगूठा चोटिल हो गया जिसके बाद फिजियोथैरेपिस्ट पैट्रिक फरहत ने भारतीय कप्तान का इलाज किया।
फरहत ने उनके अंगूठे पर मैजिक स्प्रे (दवा) लगाने के बाद टेप चिपका दिया। बाद में कोहली को बर्फ से भरे गिलास में अंगूठा डालकर मैदान से बाहर जाते देखा गया। भारत खिताब के प्रबल दावेदारों में शामिल है लेकिन टूर्नामेंट का पहला मुकाबला खेलने से पहले ही टीम चोट की समस्या से परेशान है।
हरफनमौला विजय शंकर कोहनी में चोट के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ अभ्यास मैच नहीं खेल सके थे जबकि केदार जाधव आईपीएल के दौरान कंधे में लगी चोट से अब भी उबर रहे हैं। वे न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ भारत के दोनों अभ्यास मैचों में नहीं खेल पाए थे।
जाधव को हालांकि शनिवार को नेट पर अभ्यास करते देखा गया जिससे अंदाजा लगाया जा रहा कि वे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले फिट हो जाएंगे। भारतीय टीम रविवार को विश्राम कर रही है। (भाषा)