Publish Date: Friday, 30 January 2026 (17:42 IST)
Updated Date: Friday, 30 January 2026 (01:44 IST)
चेन्नई। तमिलनाडु में लोगों को वैक्सीनेशन के लिए आकर्षित करने के लिए अब लालच दिया जा रहा है। इतना ही नहीं वैक्सीन लगवाने वालों के लिए यहां बिरयानी और मोबाइल रिचार्ज कूपन भी दिया जा रहा है। ड्रॉ में इनाम के तौर पर सोने के सिक्के, मिक्सर, ग्राइंडर, स्कूटी, वॉशिंग मशीन आदि जीते जा सकते हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य में वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए कोवलम में एनजीओ वैक्सीन लगवाने वाले लोगों को एक प्लेट बिरयानी और मोबाइल रिचार्ज का कूपन दे रही है। इसके अलावा वैक्सीन लगवाने वालों के लिए साप्ताहिक लकी ड्रॉ भी निकाला जा रहा है। ड्रॉ में इनाम के तौर पर सोने के सिक्के, मिक्सर, ग्राइंडर, स्कूटी, वॉशिंग मशीन आदि जीते जा सकते हैं।
मछुआरा बहुल कोवलम में अभी तक 50-60 लोगों ने ही वैक्सीन लगवाई है, जबकि यहां कुल आबादी 14 हजार से ज्यादा है। इनमें 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या 6000 से ज्यादा है। सामाजिक संस्था के मुताबिक लकी ड्रॉ की घोषणा से पहले बहुत कम लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी, लेकिन अब लोग वैक्सीनेशन को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 19 हजार 448 मामले सामने आए हैं, जबकि 351 लोगों की मौत दर्ज की गई है। इस दौरान 31 हजार 360 लोग डिस्चार्ज भी हुए हैं।