Publish Date: Sun, 06 Sep 2020 (21:08 IST)
Updated Date: Sun, 06 Sep 2020 (21:12 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 6777 नए मामले सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर राज्य में एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 61625 हो गई है। अब तक मिले कुल मामलों में 2 लाख 738 मरीज ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को बताया कि विगत 24 घंटों में कोरोना के 6777 नए मामले सामने आए हैं जिन्हें मिलाकर एक्टिव मामलों की कुल संख्या 61,625 हो गई है। अब तक मिले कुल मामलों में दो लाख 738 मरीज ठीक होकर घरों को लौट चुके हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार को प्रदेश में एक लाख 55 हजार 946 सैंपल्स टेस्ट किए गए जो एक रिकॉर्ड है। राज्य में अब तक कुल 65,00,969 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है। प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में 32,094 लोग होम आइसोलेशन में हैं। अब तक 1,23,802 लोगों ने होम आइसोलेशन का विकल्प लिया है, जिसमें से 91,708 की होम आइसोलेशन की अवधि समाप्त हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में कंटेनमेंट जोन की संख्या अब 18,380 हो गई है जिनमें लगभग 15,46,000 मकान चिन्हित हैं, लगभग 89 लाख लोग इन कंटेनमेंट जोन में रह रहे हैं। कंटेनमेंट जोन में पॉजिटिव मामलों की संख्या 45,275 है।(वार्ता)