Publish Date: Wed, 21 Apr 2021 (13:51 IST)
Updated Date: Wed, 21 Apr 2021 (14:08 IST)
नई दिल्ली। देश में कोरोनावायरस का कहर तेजी से बढ़ रहा है। आज सुबह देश में 2.95 लाख नए मामले सामने आए और 2 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। कहा जा रहा है कि डबल म्यूटेंट वैरिएंट के बाद अब भारत में ट्रिपल म्यूटेंट वैरिएंट ने दस्तक दे दी है।
इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, डबल म्यूटेंट वैरिएंट में एक और म्यूटेशन होने से इसके ट्रिपल म्यूटेंट में बदलने की जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय को दी गई है।
इन राज्यों में दिखा ट्रिपल म्यूटेंट : कोरोना के डबल म्यूटेंट वैरिएंट की स्पाइक प्रोटीन में तीसरा म्यूटेशन हुआ है। दिल्ली, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ से लिए गए सैंपल में नया म्यूटेशन होते देखा गया है।
इन राज्यों से लिए गए 17 सैंपल में ऐसा देखा गया है। ये वो राज्य हैं जहां कोरोना की दूसरी लहर का कहर दिखाई दे रहा है।
डबल म्यूटेंट वैरिएंट को वैज्ञानिक तौर पर B.1.617 नाम दिया गया है। ये बेहद खतरनाक है। इसमें दो तरह के म्यूटेशंस हैं- E484Q और L452R म्यूटेशन। ये वायरस का वो रूप है, जिसके जीनोम दो बार बदल चुका है।
कोरोना काल में देश का हाल : देश में कोरोनावायरस संक्रमण के करीब तीन लाख नए मामले आने से कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,56,16,130 हो गई, जबकि 2,023 और मरीजों की मौत हो जाने से मृतकों की संख्या 1,82,553 हो गई है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के बुधवार की सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 2,95,041 नए मामले आने से उपचाराधीन मरीजों की संख्या 21 लाख से अधिक हो गई।
देश में लगातार 42 वें दिन मामलों में बढ़ोतरी से उपचाराधीन मरीजों की संख्या 21,57,538 हो गई है जो कि संक्रमण के कुल मामलों का 13.82 प्रतिशत है। राष्ट्रीय स्तर पर ठीक होने की दर भी घटकर 85.01 प्रतिशत रह गई है। देश में अब तक कोरोना वायरस से संक्रमित 1,32,76,039 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि मृत्यु दर 1.17 प्रतिशत हो गई है।