Publish Date: Sun, 03 May 2020 (20:14 IST)
Updated Date: Sun, 03 May 2020 (20:17 IST)
इंदौर। विश्व विख्यात जैन मुनी परम गुरु आचार्य श्री विद्यासागर जी ने इंदौर की जनता के नाम संदेश दिया है कि घर में रहकर लॉकडाउन का पालन करना राष्ट्रहित में है। उन्होंने प्रशासन, चिकित्सक, अस्पताल प्रबंधन, पुलिस, नगर निगम आदि सभी जनता के हित में एवं कोरोना की रोकथाम हेतु निरंतर अपना कर्तव्य निभा रहे हैं।
रविवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने रेवती रेंज में आचार्य श्री विद्यासागर जी का आशीर्वाद लिया एवं उन्हें शासन-प्रशासन स्तर पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं एवं उपायों से अवगत कराया।
आचार्य श्री ने आशीर्वाद दिया कि सभी धैर्य एवं संयम से कार्य करें तथा अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अनुरूप कर्तव्य का निर्वहन करें क्योंकि ऐसा करना न केवल व्यक्ति के हित में बल्कि राष्ट्रहित में होगा।
मंत्री सिलावट ने भी जनता से अपील की कि इंदौर, खरगोन, उज्जैन, भोपाल आदि रेड जोन में हैं। अतः यहां ज्यादा सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि कोरोना की इस लड़ाई में हमें धीरे-धीरे सफलता हासिल हो रही है। उन्होंने जनता से अनुरोध किया कि वे घर में रहकर एवं शासन प्रशासन स्तर से दिए गए निर्देशों का पालन कर एक जिम्मेदार नागरिक होने का कर्तव्य निभाएं।